पहाड़ी इलाकों में घरों के आसपास जानवरों का घूमना कोई नई बात नहीं है। यहां कभी बंदर तो कभी दूसरे जंगली जानवर दिखाई दे जाते हैं। हालांकि, कुछ जानवर ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर अच्छे-अच्छों के होश उड़ जाते हैं। खासकर जब कोई खतरनाक जानवर अचानक आपके घर के दरवाजे पर ही पहुंच जाए। सोचिए आप रात में आराम कर रहे हों और तभी आपका पालतू कुत्ता अचानक जोर-जोर से भौंकने लगे। आप बाहर निकलकर देखें और गेट के दूसरी तरफ एक विशाल मगरमच्छ खड़ा हो। यह नजारा देखकर किसी की भी हालत खराब हो सकती है। उत्तराखंड के एक परिवार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जिसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार रात के समय अपने घर के अंदर था। तभी उनका पालतू कुत्ता अचानक जोर-जोर से भौंकने लगता है। कुत्ते के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आते हैं। शुरुआत में उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि घर के बाहर ऐसा कुछ देखने को मिलेगा।
गेट के बाहर खड़ा था विशाल मगरमच्छ
इसके बाद परिवार का एक सदस्य फोन का कैमरा गेट के ऊपर से बाहर की तरफ करता है। जैसे ही कैमरे में सामने का नजारा दिखाई देता है, हर कोई हैरान रह जाता है। घर के गेट के ठीक बाहर एक भारी-भरकम मगरमच्छ मौजूद था। उसे देखकर ऐसा लग रहा था, मानो वह काफी देर से वहीं खड़ा होकर किसी के बाहर आने का इंतजार कर रहा हो।
परिवार में लोगों में मची अफरातफरी
मगरमच्छ को देखते ही परिवार के लोगों में अफरातफरी मच जाती है। वहीं, घर का कुत्ता भी उसे देखकर लगातार भौंकने लगता है। कुत्ते के शोर और घर के लोगों की हलचल के बीच मगरमच्छ वहां से पीछे की तरफ जाने लगता है। कुछ ही देर में वह वहां से भाग जाता है। इस तरह परिवार ने घर के बाहर आए इस अनचाहे मेहमान से दूरी बनाए रखी।
वीडियो देख लोगों ने लिए मजे
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग परिवार की जगह खुद को रखकर इस घटना की कल्पना कर रहे हैं तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किए हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह गलत बात है, मेहमान को बिना चाय-पानी पिलाए ही भेज दिया। वहीं, दूसरे यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि मगरमच्छ भी शायद साइटसीइंग करने निकला था। फिलहाल इस वीडियो ने लोगों को हैरान करने के साथ-साथ खूब हंसाया भी है। हालांकि, किसी रिहायशी इलाके में मगरमच्छ जैसे खतरनाक जंगली जानवर का पहुंचना चिंता की बात है। ऐसे में अगर कभी आपके घर के आसपास ऐसा कोई जानवर दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे भगाने की कोशिश करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है।