पिता के लिए बच्ची का प्यार देख लोगों ने की तारीफ
- फोटो : इंस्टाग्राम@ imranshah__official
सोशल मीडिया पर कई बार ऐसी चीजें भी वायरल हो जाती हैं, जिसे देखकर हम भावुक हो जाते हैं। यह वीडियो हमें शेयर करने पर भी मजबूर कर देती है। अब हाल ही में, इन दिनों सोशल मीडिया पर एक इमोशनल कर देने वाला वीडियो छाया हुआ है, जिसमें एक मासूम बच्ची अपने साइकिल चलाते पिता को तेज धूप से बचाने के लिए उनके ऊपर छाता ताने खड़ी दिखाई दे रही है। इस वीडियो की न केवल हर कोई तारीफ कर रहा है, बल्कि यह इस बात की भी मिसाल है कि छोटे बच्चों के मन में अपने माता-पिता के लिए कितना गहरा और निस्वार्थ प्रेम होता है। इस वीडियो को देखकर लाखों लोग भावुक हो उठे हैं और सोशल मीडिया पर इस पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में और क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक आदमी धूप में साइकिल चला रहा है और उसके पीछे बैठी उसकी बेटी स्कूल की यूनिफॉर्म में दोनों हाथों से एक बड़ा छाता पकड़े हुए है। वह इस बात का पूरा ध्यान रख रही है कि उसके पापा को चिलचिलाती धूप से कोई तकलीफ न हो। बच्ची खुद धूप में है, लेकिन उसके चेहरे पर कोई परेशानी नहीं है। सोशल मीडिया पर हर कोई इस बच्ची की खूब तारीफ भी कर रहा है और अपने दोस्तों के साथ इस वीडियो को साझा भी कर रहा है।
वीडियो देखकर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किया गया यह तुरंत वायरल हो गया। इंस्टाग्राम और ट्विटर पर इसे लाखों बार देखा गया और हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने इसे “बेटियों का जादू” बताया। एक यूजर ने कमेंट किया, “पिता को धूप से बचाती ये बच्ची बिना बोले बहुत कुछ सिखा गई।” एक और यूजर ने इसे “निस्वार्थ प्रेम की असली तस्वीर” कहा। वहीं किसी ने लिखा, “आज के समय में जब रिश्तों की गहराई कम होती जा रही है, यह वीडियो ताजगी जैसा एहसास कराता है।” कई लोगों का कहना है कि यह बच्ची रिश्तों का सही मतलब सिखा गई। साथ ही इस छोटे से एक्शन ने बिना कहे उसकी परवरिश के बारे में भी सबको बता दिया। एक तरफ आज की जनरेशन के बच्चे माता-पिता से चीजों को दिलाने की डिमांड करते हैं। वहीं, दूसरी ओर यह बच्ची अपना बचपना छोड़कर अपने पिता के लिए अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।