पुरानी स्कूल की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई
- फोटो : इंस्टाग्राम
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लगातार हो रही बारिश के कारण एक पुरानी और जर्जर स्कूल की इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन एक महिला की जान बेहद मामूली अंतर से बची, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तो आइए बताते हैं कि वीडियो में और क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला स्कूल के पास से गुजर रही है और जैसे ही वह इमारत के आगे निकलती है, पीछे से पूरी इमारत भरभराकर गिर जाती है। अगर महिला एक पल के लिए भी रुक जाती, तो वह मलबे के नीचे दब सकती थी। लोगों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि महिला सही-सलामत बच गई।
जर्जर स्कूल की इमारत अचानक ढह गई
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह स्कूल भवन कई वर्षों से बंद पड़ा था और उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी। बारिश की वजह से दीवारों में दरारें आ गई थीं और छत भी जर्जर हो चुकी थी। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस इमारत की हालत को लेकर अवगत कराया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस घटना ने नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। जिस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया जाना चाहिए था, वह बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के यूं ही खुली पड़ी रही। इस तरह की इमारतें न केवल खतरा पैदा करती हैं, बल्कि जानमाल की हानि का बड़ा कारण बन सकती हैं।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच का दिया आदेश
घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्थित सभी पुरानी और जर्जर इमारतों की जांच की जाए और जहां भी जरूरत हो, उन्हें खाली कराया जाए या गिरा दिया जाए। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस घटना को चेतावनी मानते हुए प्रशासन जल्द से जल्द पुराने और खतरनाक भवनों की पहचान करें और उन पर आवश्यक कार्रवाई करे ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
बाल-बाल बची महिला की जान
इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन महिला की बाल-बाल बची जान ने सभी को हैरान कर दिया है। वीडियो के वायरल होने के बाद लोग इसे 'ईश्वर की कृपा' मान रहे हैं और महिला की किस्मत को सराह रहे हैं। वहीं, यह घटना प्रशासन और आम नागरिकों दोनों के लिए एक सीख है कि समय रहते जरूरी कदम उठाना कितना जरूरी होता है।