दुनिया का सबसे लंबा मानवीय दांत
- फोटो : CEN/Dr. Max Lukas
टीवी पर अगर आपने रामायण या कृष्णलीला देखा होगा तो आपको ध्यान होगा कि उसमें दिखाए जाने वाले दानवों के लंबे-लंबे दांत होते थे। पिछले साल जर्मनी में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। यहां एक शख्स के मुंह से 1.46 इंच यानी 3.7 सेंटीमीटर लंबा दांत निकला था। यह दुनिया में सबसे लंबा मानवीय दांत है, जिसका नाम मंगलवार को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया।
यह दांत मिजो वोडोपिजा के मुंह से निकला था, जो मूल रूप से क्रोएशिया के रहने वाले हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों से जर्मनी के मैज शहर में रह रहे हैं। डॉक्टर मैक्स लुकास के मुताबिक, दांत में तेज दर्द की शिकायत लेकर मिजो डॉक्टर के पास पहुंचे थे। जब डॉक्टरों ने जांच की तो इतना बड़ा दांत देख कर वो भी हैरान रह गए।
डॉक्टर मैक्स ने पिछले साल ही मिजो के दांत को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल करने के लिए आवेदन दिया था, जिसे अब जाकर मंजूरी मिली है। इसी हफ्ते उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले दुनिया में सबसे लंबे दांत का वर्ल्ड रिकॉर्ड गुजरात के उर्विल पटेल के नाम था। फरवरी 2017 में उर्विल के मुंह से डॉक्टरों ने 1.44 इंच यानी 3.66 सेंटीमीटर का दांत निकाला था।