लड़के ने किंग कोबरा को बोरे में किया पैक
- फोटो : इंस्टाग्राम @wild_whisperer
सांप पकड़ना कोई बच्चों का खेल नहीं है। ये जीव बहुत तेज और खतरनाक होते हैं। चाहे जहरीला सांप हो या बिना जहर वाला, उसे पकड़ने में हमेशा खतरा बना रहता है। इसी वजह से जब कोई स्नेक कैचर यानी सांप पकड़ने वाला इन पर काबू पाता है तो देखने वालों के लिए वह नजारा डरावना होने के साथ-साथ रोमांचक भी लगता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें एक ट्रेनर ने सिर्फ एक पाइप और बोरे की मदद से विशालकाय किंग कोबरा को पकड़ लिया। यह देखकर लोग हैरान रह गए। तो आज की इस खबर में हम भी आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशव मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो की शुरुआत में दिखता है कि एक बड़ा सांप एक तंग गली में घूम रहा है। ऐसा लगता है जैसे यह जगह दो घरों के बीच की हो। इतनी संकरी जगह में इतने बड़े सांप को पकड़ना आसान काम नहीं था। इसके बावजूद स्नेक कैचर बिना घबराए धीरे-धीरे सांप को काबू करने की कोशिश करता है। इस दौरान किंग कोबरा बार-बार फन उठाकर उस पर हमला करने की कोशिश करता है। लेकिन ट्रेनर भी बहुत चालाकी से पाइप को ढाल की तरह अपने सामने रखता है ताकि खुद को सुरक्षित रख सके।
ट्रेनर ऐसे डालता है कोबरा को बैग में
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि पाइप के दूसरे सिरे पर एक बोरा बंधा हुआ था। यही उसका सबसे बड़ा हथियार था। करीब आधे घंटे तक चले संघर्ष के बाद आखिरकार ट्रेनर किंग कोबरा को बैग में डालने में कामयाब हो गया। जैसे ही सांप बैग में कैद हुआ आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस खतरनाक रेस्क्यू का वीडियो 3 अगस्त को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था। देखते ही देखते इस वीडियो ने इंटरनेट पर धूम मचा दी। कुछ ही दिनों में इस पर 1 मिलियन से ज्यादा रिएक्शन आए और अब तक इसे 93 मिलियन से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है।
वीडियो पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
वीडियो शेयर करते हुए खुद बचावकर्मी ने लिखा था, “यह किंग कोबरा बिल्कुल भी शांत नहीं हो रहा था। इसलिए मुझे जैसे-तैसे इसे बैग में डालना पड़ा। इसमें मुझे लगभग आधा घंटा लग गया।” इस वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी लगातार आ रही हैं। एक यूजर ने लिखा, “भाई, मानना पड़ेगा आपका काम बहुत खतरनाक है। इसमें जरा-सी गलती भी आपकी जान ले सकती है।” वहीं दूसरे ने लिखा, “ये सांप दिखने में ही बहुत खतरनाक लग रहा है।” एक और शख्स ने कमेंट किया, “किंग कोबरा इतना जहरीला होता है कि उसके जहर की एक बूंद भी हाथी को मौत की नींद सुला सकती है।” सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सांप पकड़ना कोई आसान काम नहीं है।