शादी का प्रपोजल हर कपल के लिए बेहद खास होता है। कोई इसे यादगार बनाने के लिए खूबसूरत जगह चुनता है, तो कोई अपने पार्टनर को सरप्राइज देने की तैयारी करता है। लेकिन सोचिए आपने अपने पार्टनर को शादी के लिए प्रपोज किया हो और उसके हां कहते ही समंदर आपकी कीमती अंगूठी ही छीन ले जाए। कैलिफोर्निया में एक कपल के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। यहां सगाई की खुशी कुछ ही सेकंड में अंगूठी खोने के दुख में बदल गई। हालांकि, इस पूरी घटना में राहत की बात यह रही कि दोनों सुरक्षित हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह कहानी
यह मामला कैलिफोर्निया के सैन क्लेमेंटे स्थित कैलाफिया स्टेट बीच का है। जेस हैरिक ने अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं जोई मैटिनसन को शादी के लिए प्रपोज करने की योजना बनाई थी। उन्होंने इस खास मौके के लिए चार कैरेट के हीरे वाली खूबसूरत सगाई की अंगूठी खरीदी थी। जेस ने सूर्यास्त के खूबसूरत नजारे के बीच जोई को प्रपोज किया और उन्होंने भी खुशी-खुशी हां कह दिया।
खुशी मनाते ही आ गई तेज लहर
दोनों अभी अपनी सगाई की खुशी मना ही रहे थे कि अचानक समुद्र की तरफ से एक तेज लहर आ गई। उस समय जेस अपनी मंगेतर जोई को गोद में उठा रहे थे और उनके हाथ में अंगूठी का बॉक्स था। लहर का झटका इतना तेज था कि बॉक्स उनके हाथ से छूटकर पानी में बह गया। देखते ही देखते चार कैरेट की कीमती अंगूठी भी गायब हो गई।
स्कूबा डाइवर्स की भी ली मदद
जेस ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे अच्छा और सबसे बेरहम पल था। उन्होंने कुदरत से अंगूठी वापस लौटाने की अपील भी की और बताया कि उसे तलाशने के लिए स्कूबा डाइवर्स की मदद ली जा रही है।
मेटल डिटेक्टर से भी नहीं मिली अंगूठी
जेस ने बताया कि उन्हें पहले ही अंदाजा हो गया था कि समुद्र की लहरें तेज हो रही हैं। इसलिए उन्होंने जोई को गोद में उठा लिया था, ताकि वह पानी के तेज बहाव में गिर न जाएं। इसी दौरान अंगूठी का बॉक्स उनके हाथ से निकल गया। बीच पर मौजूद कुछ लोगों ने भी अंगूठी तलाशने में मदद की। शुरुआत में वहां मौजूद जेसिका लिकॉन को लगा कि लोग कपल की सगाई का जश्न मना रहे हैं, लेकिन बाद में उन्हें असली वजह पता चली। लोगों ने पहले अंगूठी का बॉक्स ढूंढने की कोशिश की क्योंकि उसके मिलने से अंगूठी तलाशना आसान हो सकता था। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर की मदद भी ली गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस बीच एक अच्छी खबर भी सामने आई है। न्यूयॉर्क की हाथ से सगाई की अंगूठियां बनाने वाली एक कंपनी ने जेस की पोस्ट पर संपर्क किया और कपल को नई अंगूठी बनाकर देने की पेशकश की है।