कार खड़ी कर यमुना में डाल रहा था कचरा
- फोटो : एक्स@chota_matka
दिल्ली में प्रदूषण की समस्या किसी से छिपी नहीं है। यहां की हवा के साथ-साथ नदियों और दूसरे जलस्रोतों में भी गंदगी का असर साफ दिखाई देता है। खासकर यमुना नदी की हालत लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। नदी के कई हिस्सों में गंदा पानी, कचरा और सफेद झाग देखने को मिलता है। यमुना की सफाई के लिए कई अभियान भी चलाए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नदी में कचरा डालने से बाज नहीं आते। अब सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने इसी लापरवाही को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है। वीडियो में यमुना में कचरा डाल रहे एक शख्स को जब दूसरे व्यक्ति ने रोका, तो वह उल्टा उसी से बहस करने लगा। यहां तक कि उसने मारने की धमकी भी दे दी।
कार खड़ी कर यमुना में डाल रहा था कचरा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सफेद शर्ट पहने एक शख्स दिखाई दे रहा है। उसने अपनी कार यमुना के एक पुल के पास खड़ी कर रखी है। इसके बाद वह पुल के किनारे से नदी में कुछ डालता नजर आता है। इसी दौरान वहां मौजूद एक दूसरा व्यक्ति उसका वीडियो बनाने लगता है। वह शख्स से सवाल करता है कि आखिर वह यमुना में कचरा क्यों डाल रहा है? क्या इसके पीछे उसकी कोई आस्था है या फिर कोई दूसरी वजह है? इस पर कचरा डाल रहा व्यक्ति अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा उससे सवाल करने लगता है। वह पूछता है कि क्या आप भी यहां कुछ डालने आए हैं? इस तरह दोनों के बीच बातचीत शुरू हो जाती है।
समझाने पर उल्टा देने लगा धमकी
वीडियो बना रहा व्यक्ति उसे समझाता है कि यमुना पहले से ही काफी प्रदूषित है। ऐसे में नदी में और गंदगी फैलाना ठीक नहीं है। वह कहता है कि जब बहुत सारे लोग पहले से ही नदी को गंदा कर रहे हैं, तो कम से कम उसे ऐसा नहीं करना चाहिए। नदी को साफ रखना सभी की जिम्मेदारी है। हालांकि, शख्स पर इस बात का कोई असर नहीं पड़ता। वह अपनी गलती मानने के बजाय समझाने वाले व्यक्ति से ही बहस करने लगता है। वीडियो में उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है कि तुम मुझे समझाओगे? इसके बाद वह जूता मारने जैसी धमकी भी देने लगता है। उसका यह व्यवहार देखकर वीडियो बना रहा व्यक्ति भी हैरान रह जाता है।
वीडियो देख लोगों ने जताई नाराजगी
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग शख्स के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि यमुना की हालत खराब होने के पीछे ऐसी ही लापरवाही भी एक बड़ी वजह है। अगर कोई व्यक्ति नदी में गंदगी फैलाने से रोक रहा है, तो उसकी बात सुनने के बजाय उसे धमकाना बिल्कुल गलत है। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि नदी और सार्वजनिक जगहों को साफ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। एक यूजर ने कमेंट में लिखा कि पढ़े-लिखे लोग भी ऐसी हरकत करते हैं। फिलहाल इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी देखने को मिल रही है।