12 साल के बच्चे ने चलती ट्रेन के आगे लेटकर बनाई रील
- फोटो : एक्स@TeluguScribe
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में बच्चे और किशोर अब अपनी जान की परवाह किए बिना खतरनाक स्टंट करने लगे हैं। हाल ही में ओडिशा में सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने सभी को चौंका दिया है। यहां 12 साल का एक बच्चा इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए रेलवे ट्रैक पर लेट गया और उसके दोस्त ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चा पटरी पर स्थिर पड़ा है और एक तेज रफ्तार ट्रेन उसके ऊपर से गुजरती है। किस्मत से वह बच गया, लेकिन यह हरकत बेहद खतरनाक थी। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह घटना ओडिशा के बौध जिले के झारमुंडा रेलवे स्टेशन के पास 29 जून को हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस स्टंट में दो नाबालिग शामिल थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच बच्चा लेटा है और उसके ऊपर से ट्रेन गुजर जाती है। जैसे ही ट्रेन निकलती है बच्चा खड़ा होकर खुशी जाहिर करता है मानो उसने कोई बड़ा कारनामा कर दिया हो। लेकिन अगर थोड़ी भी चूक होती, तो उसकी जान जाना तय थी।
यूजर्स ने वीडियो पर दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो के इंटरनेट पर आते ही यह तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। लोग इस तरह की हरकत की निंदा करने लगे। एक यूजर ने लिखा, “रील बनाने की सनक बच्चों के सिर चढ़ गई है”, वहीं दूसरे ने कहा, “अपनी जान से खिलवाड़ बिल्कुल मत करो बच्चों।” कई यूजर्स ने ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने की मांग की ताकि बच्चों को सबक मिल सके।
रेलवे सुरक्षा बल ने लिया एक्शन
वीडियो के वायरल होते ही लोकल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल हरकत में आ गए। उन्होंने संयुक्त अभियान चलाया और गांव वालों की मदद से दोनों बच्चों को खोज निकाला। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अधिकारियों ने इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। यह वीडियो एक्स पर @TeluguScribe हैंडल से शेयर किया गया था, जिसमें कैप्शन में लिखा गया, “बच्चे अपनी जिंदगी को दांव पर लगा रहे हैं और उनके दोस्त इस खतरनाक करतब का वीडियो बना रहे हैं।” जैसे ही वीडियो वायरल हुआ लोगों ने बच्चों में सोशल मीडिया के बढ़ते नशे को लेकर चिंता जताई।