सड़कों पर खुले घूमने वाले आवारा पशु कई बार लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाते हैं। कभी ये अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं, तो कभी आपस में लड़ते हुए सड़क पर चल रहे लोगों की जान खतरे में डाल देते हैं। ऐसी घटनाओं में कई बार लोगों को चोट लग जाती है और उनके वाहनों को भी नुकसान पहुंचता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो सांडों की लड़ाई के बीच एक ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाता है। वीडियो देखकर लोग ऑटो चालक की चिंता जता रहे हैं।
कौन सा वीडियो हो रहा वायरल?
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क के बीचों बीच दो सांड आपस में भिड़े हुए हैं। दोनों एक-दूसरे को लगातार टक्कर मार रहे हैं। इसी दौरान पीछे से एक ऑटो रिक्शा वहां पहुंच जाता है और सांडों की लड़ाई की चपेट में आ जाता है। देखते ही देखते एक सांड दूसरे को जोरदार टक्कर मारता है। इससे दूसरा सांड लड़खड़ाते हुए पीछे की तरफ जाता है और वहां से गुजर रहे ऑटो रिक्शा में जा घुसता है। इसके बाद सड़क पर कुछ ऐसा होता है, जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाएगा।
सांडों ने ऑटो का कर दिया बुरा हाल
वीडियो में आगे दिखाई देता है कि ऑटो में घुसने के बाद सांड उसे जोर-जोर से टक्कर मारने लगता है। उसकी टक्कर से ऑटो बुरी तरह हिलने लगता है और पलटने की स्थिति में पहुंच जाता है। कुछ ही देर में ऑटो की हालत खराब हो जाती है। इस दौरान सड़क पर धूल उड़ती दिखाई देती है। वहीं, आसपास मौजूद लोग यह सब देखकर दूर हट जाते हैं। कोई भी सांडों के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। पोस्ट के साथ किए गए दावे के मुताबिक इस घटना में ऑटो चालक सांड के नीचे दब गया था। हालांकि, उसे कितनी चोट आई और फिलहाल उसकी हालत कैसी है, इसकी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।
वीडियो देखकर लोगों को आई ऑटो चालक की चिंता
इस वीडियो को देखने के बाद लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि एक ऑटो चालक के लिए उसका वाहन सिर्फ सवारी ढोने का साधन नहीं होता, बल्कि उसकी रोजी-रोटी का जरिया भी होता है। ऐसे में अगर किसी की लापरवाही या आवारा पशुओं की वजह से उसका वाहन टूट जाए तो उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं, चालक की जान पर भी खतरा बन सकता है।
पशु फसलों को भी पहुंचाते हैं नुकसान
कई लोगों ने आवारा पशुओं की समस्या पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह परेशानी किसी एक शहर तक सीमित नहीं है। देश के कई इलाकों में सड़क, बाजार और हाईवे पर खुले घूमने वाले पशुओं की वजह से लोगों को दिक्कत होती है। कई बार ये अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे हादसे हो जाते हैं। ग्रामीण इलाकों में खुले पशु खेतों में घुसकर फसलों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।