'गणित में कमजोर था दूल्हा, टूट गई शादी'
'ससुराल में शौचालय न था, दुल्हन ने शादी से कर दिया इंकार'
'लड़के का नागिन डांस दुल्हन को नहीं आया रास, लौटा दी बारात'
'पत्नी के खर्राटों से परेशान पति ने लिया तलाक'
अभी हम शादी टूटने की इन अजीबो-गरीब वजहों से उबरने की कोशिश कर ही रहे थे कि इससे भी चौंकाने वाली न्यूज मिल रही है।
'द टाइम्स ऑफ इंडिया' में छपी खबर के अनुसार उत्तर प्रदेश में दूल्हा-दुल्हन ने कथित तौर पर अपनी शादी इसलिए तोड़ दी क्योंकि देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में उनके विचार मेल नहीं खाते। लड़का और लड़की की मुलाकात मंदिर में हुई। कुछ ही दिनों में इनकी शादी होने वाली थी। वैसे तो शादी की तैयारियों के सिलसिले में वे दोनों एक दूसरे से मिलने गए थे लेकिन इसी दौरान बात छिड़ गई की देश की 'सुस्त आर्थिक स्थिति' के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिम्मेदार हैं। यह बात लड़के को नागवार गुजरी और उसने बात काटते हुए पीएम मोदी के पक्ष में अपने विचार रखने शुरू कर दिये।
देखते ही देखते बहस इतनी हद तक पहुंच गई कि दोनों ने शादी न करने का फैसला कर लिया। फिर उन्होंने अपने-अपने परिवारों को फोन पर इसकी जानकारी दी। केवल दोनों परिवार वाले ही नहीं, खबर सुनने वाला हर कोई दंग है।
लेकिन सांत्वना इनके साथ नहीं बल्कि 'प्रधानसेवक' के साथ है। पता नहीं देश की सेवा करते करते और कितने 'पाप' उनके माथे चढ़ने वाले हैं...