सोशल मीडिया पर आए दिन ऑफिस और जुड़ी कई रील्स देखने को मिलती है। कई तो कॉमेडी होती हैं। हालांकि, कई लोगों को जागरूक करने के लिए भी होती हैं। ऑफिस में शिफ्ट से बैठने और वीक ऑफ के दिन भी काम करने की परंपरा पुरानी है। हालांकि, अब लोग इससे उबर भी रहे हैं, लेकिन अभी भी कई ऐसे कर्मचारी है, जो इस समस्या से जूझ रहे हैं। अब जरा खुद ही सोचिए कि एक दिन आपका वीक ऑफ और अचानक से बॉस का फोन आ जाए और यह कह दिया जाए कि क्या तुम आज काम पर सकते हो? तो आपका क्या रिएक्शन होगा। ऐसे में न सिर्फ कर्मचारी का मूड खराब होता है, बल्कि उसकी प्राइवेसी के साथ भी छेड़छाड़ किया जाता है। इस खबर में हम एक ऐसी ही महिला कर्मचारी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने इस मामले पर ठोस कदम उठाया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह पोस्ट
हाल ही में एक महिला ने अपनी कहानी शेयर की, जिसमें उसने अपने वीक ऑफ पर काम करने से मना किया, तो उसकी मैनेजर ने उसे खराब टीम प्लेयर कह दिया। यह महिला 22 साल की है और मॉल के एक छोटे कपड़ों के स्टोर में पार्ट-टाइम काम करती है। हाल ही में कंपनी ने स्टोर के छह कर्मचारियों में से तीन को बिना किसी चेतावनी के निकाल दिया और अब केवल महिला और एक और पार्ट-टाइम कर्मचारी और मैनेजर ही बच गए हैं।
महिला ने रेडिट पर सुनाई आपबीती
हाल ही में, महिला ने रेडिट पर बताया कि जिस दिन वह काम पर नहीं आई, वह उसका वीक ऑफ था। उस दिन सुबह 8 बजे उसकी मैनेजर का मैसेज आया, "क्या तुम आज आ सकती हो? मैं अकेली हूं और बहुत भीड़ है।" महिला ने तुरंत जवाब दिया, "मुझे माफ कीजिए, आज मेरा वीक ऑफ है, मैं नहीं आ सकती।"
मैनेजर ने किया यह पोस्ट
इसके बाद मैनेजर ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन कुछ समय बाद उसने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली जिसमें लिखा था, "कुछ लोग सिर्फ अपनी ही परवाह करते हैं।" महिला ने इस पर अपनी निराशा जाहिर की, लेकिन फिर भी वह अपनी छुट्टी पर आराम करने के फैसले पर खड़ी रही। जब महिला अगले दिन काम पर आई, तो मैनेजर ने ताना मारा, "सच्चे टीम प्लेयर वही होते हैं जो मुश्किल वक्त में मदद करते हैं।"
महिला ने दिया मुंहतोड़ जवाब
महिला ने लिखा, "मैं एक घंटे के 15 डॉलर कमाती हूं। मुझे न कोई बेनिफिट्स मिलते हैं, न पेड छुट्टियां। जब कंपनी ने आधी टीम को निकाल दिया है, तो मुझसे यह उम्मीद करना कि मैं बिना किसी और भुगतान के काम करूं तो यह गलत है। अब मेरी मैनेजर मुझसे बात तक नहीं कर रही हैं।" महिला की यह पोस्ट रेडिट पर वायरल हो गई, और कई लोगों ने उसके फैसले का समर्थन किया।
लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, "मेरे बॉस ने भी मुझे धमकी दी थी कि अगर मैंने उनकी हर बात नहीं मानी, तो मुझे नौकरी से निकाल देंगे। अब मैं उनके लिए काम नहीं करता।" दूसरे यूजर ने लिखा, "कुछ मैनेजर्स को लगता है कि व्यापार चलाना सिर्फ पैसे कमाने का नाम नहीं, बल्कि कर्मचारियों की जिंदगी पर कंट्रोल करने का तरीका है।" एक और यूजर ने लिखा, "आपने सच में बहुत ही अच्छा काम किया है। छुट्टी हमारा अधिकार है।"