बेस्ट बस के अंदर महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में व्यक्ति हिरासत में
बेस्ट बस के अंदर एक महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में 31 वर्षीय एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 10 अप्रैल को हुई जब बस प्रभादेवी से वर्ली जा रही थी। आरोपी व्यक्ति ने महिला यात्री को गलत तरीके से छुआ था। जब वह वर्ली पुलिस स्टेशन पहुंची, तो सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच की गई और हमने पाया कि वह व्यक्ति वर्ली में उतरा था। हमने यह भी पाया कि वह इलाके में एक शिपिंग फर्म में काम कर रहा था।
उन्होंने बताया कि बांद्रा ईस्ट निवासी इरफान हुसैन शेख को क्राइम ब्रांच यूनिट III की एक टीम ने वर्ली स्थित उसके कार्यालय से हिरासत में लिया गया। उस पर छेड़छाड़ और अन्य अपराधों का आरोप लगाया गया है।
विद्यालयों में हिंदी का विरोध करना गलत, मराठी रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता: अजीत पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने राज्यभर के मराठी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में पहली और पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए हिंदी को तीसरी अनिवार्य भाषा बनाने का विरोध करने पर राजनीतिक दलों की आलोचना की है।
पवार ने कहा कि जो लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं, वे वास्तविक मुद्दे न होने के कारण अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं। पवार ने शुक्रवार को पिंपरी चिंचवड में चापेकर बंधुओं को समर्पित एक राष्ट्रीय स्मारक के उद्घाटन के मौके पर कहा, मराठी हमारी मातृ है और राज्य में हमेशा इसे पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
हिंदी का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए पवार ने कहा, कुछ लोग हिंदी भाषा को लेकर विवाद इसलिए पैदा कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास करने के लिए और कुछ नहीं है। पूरे देश में अंग्रेजी का व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है और इसी तरह कई राज्यों में हिंदी बोली जाती है। हालांकि, इस बात पर विवाद है कि हिंदी 'राष्ट्रभाषा' है या नहीं, लेकिन मैं उसमें नहीं पड़ना चाहता।
महाराष्ट्र सरकार ने निर्णय लिया है कि राज्यभर के मराठी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए तीसरी भाषा के रूप में हिंदी पढ़ना अनिवार्य होगा। यह दो भाषाओं के अध्ययन की परंपरा से हटकर है।
मुंबई: कार्रवाई के डर से छात्रावास से कूदी 3 छात्राएं, 2 घायल
महाराष्ट्र के परभणी जिले के एक सरकारी स्कूल की आठवीं कक्षा की तीन छात्राओं ने आपसी झगड़े के बाद कार्रवाई के डर से छात्रावास की पहली मंजिल से कूद गईं, जिसमें दो घायल हो गईं। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार को गंगाखेड़ स्थित कस्तूरबा गांधी स्कूल में हुई। एक अधिकारी ने बताया, छात्राओं के बीच किसी मुद्दे को लेकर विवाद हो गया। कुछ छात्राओं ने उन्हें बताया कि छात्रावास निदेशक उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। यह सुनकर वे डर गईं और पहली मंजिल से कूद गईं। घटना में दो छात्राएं घायल हो गईं, जबकि तीसरी को छात्रावास के एक स्टाफ सदस्य ने सुरक्षित पकड़ लिया। घटना के बाद पुलिस ने छात्रावास का दौरा कर छात्राओं से पूछताछ की। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्राओं के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है।