इंजीनियरिंग की डिग्री, जेब में बेरोजगारी
- फोटो : AI
देश में बेरोजगारी का मुद्दा अक्सर आंकड़ों और रिपोर्ट्स में चर्चा का विषय बनता है, लेकिन कई बार एक छोटी-सी घटना उन आंकड़ों के पीछे छिपी हकीकत को सामने ले आती है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई एक घटना ने लाखों पढ़े-लिखे युवाओं की मजबूरी, उम्मीद और संघर्ष को लेकर नई बहस छेड़ दी है। तो आइए जानते हैं वायरल पोस्ट में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
दरअसल एक्स पर नंदिनी गुप्ता नाम की एक यूजर ने अपने साथ हुई एक घटना साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने रैपिडो से सफर किया था। राइड पूरी होने के बाद ड्राइवर उन्हें उनके घर पर छोड़कर चला गया। सब कुछ नॉर्मल था, लेकिन कुछ देर बाद उनके वॉट्सऐप पर एक ऐसा संदेश आया, जिसने उनका ध्यान खींच लिया।
राइडर ने नौकरी के लिए किया मैसेज
यह कोई राइड फीडबैक या रेटिंग से जुड़ा मैसेज नहीं था। संदेश भेजने वाले ने अपना परिचय इब्राहिम के रूप में दिया और लिखा कि उसने अप्रैल 2024 में बी.टेक की पढ़ाई पूरी की है। वह फ्रेशर है और फिलहाल नौकरी की तलाश कर रहा है। उसने विनम्रता से अनुरोध किया कि यदि उनके यहां किसी तरह की वैकेंसी हो तो कृपया उसे जानकारी दें।
मैसेज ने लोगों को सोचने पर किया मजबूर
इस एक मैसेज ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। इंजीनियरिंग जैसी प्रोफेशनल डिग्री हासिल करने के बावजूद इब्राहिम को अपनी योग्यता के हिसाब से नौकरी नहीं मिल सकी। ऐसे में खाली बैठने के बजाय उसने रैपिडो चलाकर पैसा कमाने का रास्ता चुना। साथ ही उसने हर मिलने वाले मौके को नौकरी की तलाश के लिए इस्तेमाल करना भी नहीं छोड़ा।
लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
जैसे ही इस घटना का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई। बड़ी संख्या में यूजर्स ने इब्राहिम की मेहनत और पॉजिटिव सोच की सराहना की। उनका कहना था कि उसने किसी गलत तरीके का सहारा नहीं लिया, बल्कि सम्मानजनक तरीके से अपनी बात रखी। कई लोगों ने तो उसका रिज्यूमे मंगवाकर नौकरी दिलाने में मदद करने की इच्छा भी जताई। हालांकि, दूसरी ओर कुछ यूजर्स ने इस तरीके पर सवाल भी उठाए। उनका कहना था कि राइड समाप्त होने के बाद किसी ग्राहक के निजी मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजना प्रोफेशनल नहीं है। कुछ लोगों ने इसे प्राइवेसी और सुरक्षा के नजरिए से भी गलत बताया और कहा कि बिना अनुमति इस तरह संपर्क करना सही नहीं माना जा सकता।