चलते ऑटो में सोती दिखी छोटी बच्ची का वायरल वीडियो
- फोटो : @mostly_ind
Viral Video: मजबूरी इंसान से क्या नहीं करवाती। एक ऑटो चलाने वाला शख्स अपनी बच्ची को सारा दिन ऑटो में लेकर क्यों घूमता है, सोचो क्या परिस्थिति रही होगी। हाल ही में सोशल मीडिया पर पिता के साथ दिनभर ऑटो में रहने वाली एक छोटी बच्ची का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें ऑटो के पीछे सामान रखने वाली जगह में सोती एक छोटी बच्ची दिखाई गई है, दरअसल पत्नी की मौत के बाद बेटी की देखभाल और ऑटो चलाने का काम दोनों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए इस शख्स ने कमाल का तरीका निकाला है। जिसने सोशल मीडिया यूजर्स को भावुक कर दिया है।
वायरल वीडियो में ऑटो में सवार पैसेंजर ऑटो के पीछे लगेज रखने वाली जगह में सोई एक छोटी बच्ची को देखकर उसके बारे में पूछता है, तो ऑटो ड्राइवर मुस्कुराकर जवाब देता है कि ये मेरी बेटी है। इसका नाम आयुषी है। बातचीत आगे बढ़ने पर पूरी कहानी पता चलती है कि, आयुषी की मां का देहांत हो गया है और तब से ऑटो ड्राइवर पिता अकेले ही अपनी बच्ची की परवरिश कर रहा है। पिता और बेटी दोनों का दुनिया में और कोई नहीं है, इस वजह से पिता उसे किसी के पास नहीं छोड़ सकता। यही वजह है वह उसे अपनी रोजाना की यात्राओं में साथ ले जाता है।
वीडियो में आगे पैसेंजर, ऑटो ड्राइवर और आयुषी को नाश्ता कराने के लिए बाहर ले जाता हुआ दिखाई देता है। जूस पीते छोटी बच्ची कैमरे की ओर देखते हुए मुस्कुराती है। उसकी खुशी का यह छोटा सा पल सोशल मीडिया की जनता के दिलों को छू गया है। यह एक ऐसे सिंगल पैरेंट की वास्तविकता कहानी है, जो काम और बच्ची की देखभाल दोनों को एक साथ संभाल रहा है।
ऑटो ड्राइवर की वास्तविक कहानी बताते इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर
@mostly_ind नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। अपलोड होते ही वीडियो को कई हजारों लोगों ने देखा और लाइक भी किया है, तो वहीं इस वीडियो पर यूजर्स ऑटो ड्राइवर की सराहना करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा, वह जिस तरह से एक सिंगल पैरेंट होकर अपने काम और बेटी की परवरिश दोनों के बीच संतुलन बनाए रखा है, यह काबीले तारीफ है।