जरा सोचिए कि आप कार का एसी ऑन करते हैं और ठंडी हवा की जगह आपको वहां से एक सांप झांकता हुआ दिखाई दे। ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला अमेरिका से सामने आया है। इस घटना को जिसने भी देखा, वो हैरान भी हुआ और हंसी भी रोक नहीं पाया। कार में अचानक सांप के आ जाने से हर कोई काफी हैरान हो जाता है और सोच में पड़ जाता है कि आखिर यहां पर सांप कैसे पहुंचा। तो आज की इस खबर में हम आपको ऐसे ही एक पोस्ट के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
सायमन सारिस नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी माजदा कार से जुड़ा एक अनोखा अनुभव शेयर किया। उन्होंने एक फोटो पोस्ट की, जिसमें एक सांप उनकी कार के एसी वेंट से झांकता नजर आ रहा था। सायमन ने मजाक में लिखा, "आज माजदा में रहने वाला सांप मुझे बड़ी सॉसी नजरों से देख रहा है।" उन्होंने बताया कि सांप को शांत करने के लिए उन्होंने करीब 20 मिनट तक एन्या का म्यूजिक चलाया, लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ा। इस मजेदार और डरावनी पोस्ट पर लोगों ने खूब कमेंट किए। माजदा यूएसए ने भी हंसी मजाक में जवाब दिया, "बेयोंसे का म्यूजिक चलाओ, शायद उसे पसंद आ जाए। वह सांप तो किसी डिवा जैसा लग रहा है।"
वीडियो देख लोगों ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह पोस्ट लाखों लोगों तक पहुंच चुकी है। एक यूजर ने लिखा, "भाई, अब आपने मेरी एक नई फोबिया बना दी है।" कई लोगों ने सलाह दी कि सांप को जल्दी से कार से बाहर निकालना चाहिए। सायमन ने बताया कि सांप को हटाना इतना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, "अगर वो खुद खिड़की से बाहर नहीं गया, तो मुझे कार के दरवाजे और खिड़कियां खुली छोड़नी पड़ेंगी और बैटरी भी निकालनी होगी। डर ये है कि कहीं वो दोबारा लौटकर अपने दोस्तों या परिवार को भी न ले आए।" जब एक यूजर ने पूछा कि क्या उन्होंने सांप को खुद निकालने की कोशिश की तो सायमन ने जवाब दिया कि खिड़की खुली है, लेकिन सांप विंडशील्ड से कंफ्यूज हो रहा है। उन्होंने कहा, "शायद अब मुझे ही उसे निकालना पड़े।"
लोगों ने मजाक में कही यह बात
सायमन ने ये भी बताया कि वे कार का बोनट खोलकर एयर बॉक्स से सांप को बाहर निकालने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि सांप बाहर निकल चुका है या अब भी कार में बैठकर ठंडी हवा का मजा ले रहा है। इस घटना के बाद अब लोग मजाक में कह रहे हैं कि कार का एसी ऑन करने से पहले एक बार जरूर देख लेना चाहिए कि कहीं उसमें कोई सांप तो नहीं छिपा।