फर्स्ट एसी में सवार सेना से रिटायर हुआ कुत्ता
- फोटो : twitter/@AshTheWiz
Army Dog Meru Travels In AC First Class: समाज में किसी खास तरह का योगदान देने पर मिलने वाला सम्मान किसी में भेदभाव नहीं करता, फिर चाहे वह इंसान हो या जानवर। दुनियाभर में कई ऐसे जानवर हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित किया गया है। हाल ही में ऑस्कर अवार्ड शो और कान्स फिल्म फेस्टिवल में एक डॉग ने अपना जलवा बिखेरा। इसी कड़ी में अब भारतीय सेना का एक डॉग सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, इस डॉग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, जिसमें लोग उसका पोस्ट रिटायरमेंट सम्मान देखकर हैरान हैं। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि सेना का डॉग 'मेरू' मेरठ में रिटायरमेंट होम तक जाने के लिए फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रहा है।
हाल ही में 22 आर्मी डॉग यूनिट का आर्मी डॉग मेरू अपनी रिटायरमेंट यात्रा की वजह से मशहूर हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में मेरू को रिटायरमेंट के बाद ट्रेन में फर्स्ट एसी कोच में आरामदेह रूप से सफर करता देखा जा रहा है। 9 साल का मेरू एक वफादार ट्रैकर डॉग के रूप में समर्पित अपने करियर के बाद अब रिटायर हो चुका है। सोशल मीडिया पर इसकी रिटायरमेंट होम तक की यात्रा की कई तस्वीरें काफी वायरल हो रही हैं, जो लोगों को हैरान कर रही हैं।
देखें तस्वीरें-
मेरू की वायरल पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, '22 आर्मी डॉग यूनिट से आर्मी ट्रैकर डॉग मेरू सेवानिवृत्ति पर मेरठ के लिए ट्रेन में सवार हुआ। वह अपने बाकी दिन रिमाउंट एंड वेटरनरी कॉर्प्स (आरवीसी) सेंटर के डॉग्स रिटायरमेंट होम में बिताएंगे। वह एसी प्रथम श्रेणी में यात्रा कर रहा है। रक्षा मंत्रालय ने हाल ही में सर्विस डॉग को सेवानिवृत्ति पर अपने संचालकों के साथ एसी फर्स्ट में यात्रा करने की अनुमति दी है। दरअसल यह खास इंतजाम रक्षा मंत्रालय की एक नई पहल है।