कल्पना कीजिए, अगर एक सुबह आप अपने घर के बाहर जाएं और देखें कि आपकी गाड़ी गायब है। तो जाहिर है कि आप तुरंत पुलिस को सूचना देंगे या आस-पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे खंगालेंगे। ऐसा ही कुछ यूके के एक दंपती के साथ हुआ, लेकिन उनकी कहानी एक अलग ही मोड़ लेती है। अब हाल ही में, लंदन में रहने वाले मिया फोर्ब्स-पिरी और उनके पार्टनर मार्क सिम्पसन की जगुआर ई-पेस कार उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस की प्रतिक्रिया सही नहीं थी। पुलिस ने साफ कहा कि वे इस वक्त बहुत बिजी हैं और यह नहीं कह सकते कि वे कब आ पाएंगे या आएंगे भी नहीं।
चोर के घर में खुद ही हो गई चोरी
इस स्थिति से निराश होकर कपल ने तय किया कि वे खुद ही अपनी कार का पता लगाएंगे। उनकी कार में दो खास डिवाइस पहले से मौजूद थे। घोस्ट इम्मोबिलाइजर और एयरटैग ट्रैकर। इनकी मदद से उन्होंने गाड़ी की लोकेशन ट्रैक कर ली और पाया कि वह अब लंदन की एक गली में खड़ी है। दोनों तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि कार सुनसान इलाके में खड़ी है और उसे अंदर से काफी नुकसान पहुंचाया गया था। कार की वायरिंग बाहर निकली हुई थी और कालीन भी उखड़े हुए थे। इसके बावजूद कार वहीं थी और कपल ने बिना किसी टकराव के उसे वापस अपने कब्जे में ले लिया और सुरक्षित रूप से घर ले आए।
सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव
बाद में मिया ने इस पूरे अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि अपनी ही कार को चुपके से वापस लेना एक अजीब लेकिन काफी अलग अनुभव था। साथ ही उन्होंने चिंता जताई कि उन्हें यह सब खुद करना पड़ा,क्योंकि पुलिस ने कोई मदद नहीं की। मिया ने सवाल उठाया कि अगर कानून व्यवस्था ही इस तरह चुप बैठी रहेगी, तो अपराधियों को कौन रोकेगा?
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और कई यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा कि अब पुलिस उन मामलों की जांच नहीं करती जिनमें बीमा कवर होता है। वहीं दूसरे ने सुझाव दिया कि हर कार में घोस्ट इम्मोबिलाइजर जैसे सेफ्टी फीचर्स जरूर होने चाहिए। इस पूरी घटना से एक बात तो साफ है कि जब सुरक्षा व्यवस्था जवाब देने में असफल हो जाए। तब आम लोगों को खुद ही कदम उठाने पड़ते हैं। यह सिर्फ एक कार चोरी की घटना नहीं, बल्कि उस सिस्टम पर सवाल है, जिससे लोग अपनी सुरक्षा की उम्मीद करते हैं।