पूरे यूरोप के लिए इस साल की गर्मी अपने रिकॉर्ड स्तर पर है। वहां गर्म हवाएं चल रही हैं। लोगों को इससे बचने के लिए सरकार कई हिदायतें और सेवाएं दे रही है। इस साल की पड़ने वाली गर्मी ने अभी तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जुलाई में स्विटजरलैंड का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था, जो यहां के लिए अधिक माना जाता है।
स्विसइंफो न्यूज वेबसाइट के मुताबिक देश के कई हिस्से सूखे की चपेट में हैं। ज्यूरिख पुलिस के प्रवक्ता माइकल वॉकर का कहना है कि 30 डिग्री तापमान का एहसास जमीन पर 50-55 डिग्री जैसा है और यह कुत्तों के लिए परेशानी खड़ा कर सकता है।
उन्होंने एसआरएफ से कहा, "गर्म जमीन पर चलने से कुत्तों के पैर जल सकते हैं, ठीक इंसानों की तरह।" ज्यूरिख पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि सैर पर कुत्ते ले जाने से पहले वो जमीन का तापमान को माप लें। इसके लिए वो अपनी हथेली को जमीन पर पांच सेकंड के लिए रख कर देखें।
अगर कार से कुत्तों को कहीं ले जाया जा रहा है तो पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। ज्यूरिख पुलिस ने अपने एक फेसबुक पोस्ट में धूप में उन रास्तों पर नहीं जाने की सलाह दे रहे हैं, जो अलकतरे से बने हैं। साथ ही कुत्तों को जूते पहनाने की सलाह के साथ छोटे कुत्तों को ही कहीं ले जाने की बात कही है।