नवी मुंबई से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर की गई एक पोस्ट के मुताबिक, हाल ही में जन्मी एक बच्ची को एक टोकरी में छोड़ दिया गया। बच्ची के साथ एक हाथ से लिखा पत्र भी रखा गया था, जिसने इंटरनेट यूजर्स के दिलों को गहराई तक झकझोर दिया। वायरल पोस्ट में बताया गया कि यह नवजात बच्ची नवी मुंबई के इलाके में टोकरी में मिली। उसके पास रखा लेटर बेहद भावुक कर देने वाला था। इसे पढ़ने के बाद कई लोगों की आंखें नम हो गईं, तो कई लोग माता-पिता के इस कदम पर अपना गुस्सा जाहिर करने लगे। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वायरल पोस्ट के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं पोस्ट में और क्या बताया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
रेडिट पर शेयर की गई तस्वीर में दिख रहा है कि बच्ची आराम से सो रही है, और उसके सामने ही वो लेटर रखा है, जिसमें लिखा शब्द हर किसी का ध्यान खींच लेते हैं। यह लेटर बच्ची को छोड़ने वाले माता-पिता ने खुद लिखा था। रेडिट कम्युनिटी में @skkkrtt-skkkrtt नाम के यूजर ने इस घटना की तस्वीर और जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “नवी मुंबई में एक नवजात बच्ची को टोकरी में छोड़ा गया, साथ ही हाथ से लिखा नोट मिला, जिसमें लिखा था ‘हमें खेद है।’”
पोस्ट पर यूजर्स ने जताई नाराजगी
पोस्ट के सामने आते ही यह तेजी से वायरल होने लगी और अब तक इसे करीब 6 हजार से ज्यादा अपवोट मिल चुके हैं। इस पर डेढ़ सौ से भी अधिक कमेंट आ चुके थे, लेकिन तीखी प्रतिक्रियाओं के चलते पोस्ट के कमेंट सेक्शन को लॉक कर दिया गया। कमेंट्स में कई यूजर्स ने अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा, “एक दिन उसे वापस ले आएंगे? ऐसा कहकर आप मजाक कर रहे हैं या खुद को धोखा दे रहे हैं? अगर आप जन्म के वक्त उसकी जिम्मेदारी नहीं उठा सकते, तो कभी भी अच्छे माता-पिता नहीं बन सकते।” वहीं एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया “कहना आसान है कि वे उसे बाद में वापस लेंगे, लेकिन इसका मतलब यह है कि कोई और उसका लालन-पालन करे और जब सब ठीक हो जाए, तब आकर बच्ची को वापस ले जाएं? ऐसी सोच शर्मनाक है।” यही नहीं, लोगों का कहना है कि यह घटना सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन चुकी है कि क्या यह माता-पिता की मजबूरी थी या उनकी गैर-जिम्मेदाराना हरकत।