बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला से लूटी चैन
- फोटो : एक्स@joydas1844417
बांग्लादेश की राजधानी ढाका से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां फरीदपुर जिले में एक महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन लूट ली गई। दो बाइक सवार बदमाश पिस्तौल दिखाकर महिला से उसकी चेन छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि मंजू रानी दास नाम की महिला अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। तभी अचानक दो बदमाश बाइक पर सवार होकर वहां आ जाते हैं। पहले उन्होंने बाइक रोकी और महिला की गर्दन में पड़ी चेन खींचने की कोशिश की। लेकिन जब चेन आसानी से नहीं निकली और महिला थोड़ी पीछे हट गई, तो बाइक पर पीछे बैठा बदमाश उतर आया। इसके बाद उस बदमाश ने जबरदस्ती महिला की चेन खींच ली। महिला ने जब विरोध करने की कोशिश की, तो दूसरे बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उसे धमका दिया। डर के मारे महिला पीछे हट गई और बदमाश आराम से चेन लेकर बाइक पर बैठकर भाग निकले। यह पूरा दृश्य कुछ ही सेकंड में हो गया।
महिला से बदमाशों ने जबरदस्ती छीनी चेन
घटना के बाद महिला इतनी डर गई कि वह कुछ समझ नहीं पाई। पास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई, जिसमें दोनों लुटेरे और उनकी बाइक साफ नजर आ रहे हैं। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
लोग इस वीडियो को देखकर हैरान हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने महिला की बहादुरी की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि अपराधियों के हौसले बहुत बढ़ गए हैं। कुछ लोगों ने बांग्लादेश पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसे मामलों पर तुरंत रोक लगाई जा सके। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज में बाइक का नंबर और दोनों अपराधियों का हुलिया दिखाई दे रहा है, जिससे उनकी पहचान करने में मदद मिल सकती है।