देहरादून के प्रसिद्ध पलटन बाजार में गुरुवार को एक बड़ा हंगामा तब खड़ा हो गया, जब एक महिला को एक ज्वेलरी की दुकान से सोने की अंगूठियां चोरी करते हुए पकड़ा गया। दुकान के मालिक ने महिला को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बताया जा रहा है कि महिला एक जानी-मानी ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर घुसी थी। मौका देखकर उसने दो सोने की अंगूठियां चुपचाप अपने पास रख लीं, लेकिन दुकानदार की नजर उस पर पड़ गई। तुरंत ही उसने महिला को रोक लिया और कोतवाली पुलिस को बुलाया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद महिला ने पकड़े जाने के डर से जोर-जोर से चिल्लाना और ड्रामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह गुस्सा हो गई और महिला कांस्टेबल के साथ हाथापाई पर उतर आई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला ने महिला पुलिसकर्मी के बाल पकड़ लिए, जबकि पुलिसकर्मी उसे काबू में करने की कोशिश कर रही थी।
मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला पर पाया काबू
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। एक्स यूजर @SoniyaK65017060 ने इस वीडियो को शेयर किया, जिसे अब तक 40 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो में महिला की हरकतें और पुलिस के साथ उसकी झड़प को साफ तौर पर देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार महिला नशे की हालत में थी। पूछताछ में उसने चोरी करने का कारण बताया कि उसका बेटा बीमार है और उसे इलाज के लिए पैसे चाहिए थे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला को काबू में लिया। वीडियो के अंत में महिला अपनी हरकत पर पछतावा जताते हुए माफी मांगती नजर आई।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
इस घटना पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही हैं। किसी ने कहा, "दिखने में सभ्य महिला लगती है, पर हरकतें शर्मनाक हैं।" एक और यूजर ने लिखा, "पहले चोरी और फिर पुलिस से बदसलूकी ये तो हद हो गई।" वहीं, एक तीसरे यूजर ने तंज करते हुए कहा, "गलती करो फिर नाटक करो। यही नया तरीका है क्या?" फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला पहले से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रही है या नहीं।