अमेरिका से एक ऐसी लव स्टोरी सामने आई है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं। आमतौर पर लोग कहते हैं कि प्यार अंधा होता है, लेकिन क्या प्यार इतना अंधा भी हो सकता है कि इंसान रिश्तों की मर्यादा ही भूल जाए? यही हुआ एंजेला पेंग और माइकल ली के साथ। दोनों आपस में चचेरे भाई-बहन थे, लेकिन फिर भी एक-दूसरे से इतना प्यार कर बैठे कि शादी तक कर डाली और बच्चा भी हुआ। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कहानी की शुरुआत बचपन से होती है। एंजेला और माइकल, यूटा के रहने वाले थे। दोनों बचपन से ही एक-दूसरे को पसंद करते थे। जब वो सिर्फ 7 साल के थे, तब दोनों अलमारी में छुपकर एक-दूसरे को किस करते हुए पकड़ लिए गए थे। तभी माइकल ने एंजेला की मां से कह दिया था कि वो बड़ा होकर एंजेला से ही शादी करेगा। यह सुनकर परिवार वाले हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत दोनों को अलग करने की कोशिश की और हर संभव तरीका अपनाया ताकि ये रिश्ता आगे न बढ़े।
चचेरे भाई-बहन की हुई शादी
समय बीता, दोनों बड़े हुए और उनकी शादी अलग-अलग जगह हो गई। दोनों की अपनी-अपनी फैमिली भी बनी और बच्चे भी हुए। लेकिन किस्मत ने जैसे कुछ और ही तय कर रखा था। दोनों की शादी टूट गई और फिर साल 2018 में फेसबुक के जरिए दोनों की मुलाकात दोबारा हो गई। पुराने दिन याद आए और उनका बचपन वाला प्यार फिर से जाग उठा। धीरे-धीरे उन्होंने मिलना शुरू किया और फिर फैसला किया कि अब शादी करनी चाहिए। लेकिन एक बड़ी दिक्कत सामने थी। यूटा राज्य में चचेरे भाई-बहन की शादी करना गैरकानूनी है। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे 5 साल तक की जेल हो सकती है। इसलिए एंजेला और माइकल ने पड़ोसी राज्य कोलोराडो जाकर शादी कर ली क्योंकि वहां इस तरह के रिश्ते पर कोई रोक-टोक नहीं थी।
घरवालों के उड़ गए होश
शादी के बाद जब उन्होंने घरवालों को यह खबर दी तो सबके होश उड़ गए। एंजेला के अपने बच्चे भी हैरान रह गए और बहुत नाराज हुए। एंजेला ने अपने पूरे परिवार के फेसबुक ग्रुप में माइकल को चूमते हुए तस्वीर डाली और यह ऐलान किया कि वे दोनों अब शादीशुदा हैं। इसके बाद परिवार वालों ने उनसे रिश्ता तोड़ लिया। इसके बावजूद एंजेला ने पीछे हटने से मना कर दिया और माइकल के साथ ही जिंदगी बिताने का फैसला किया। साल 2020 में जेनेटिक जांच के बाद एंजेला ने माइकल के बच्चे को जन्म दिया। यह उनके लिए खुशी का बड़ा पल था। लेकिन यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक पाई।
14 महीने बाद हुई माइकल की मौत
शादी के सिर्फ 14 महीने बाद ही माइकल की मौत हो गई। असल में माइकल लंबे समय से ड्रग्स की लत से जूझ रहे थे और आखिरकार इस वजह से उनकी जान चली गई। इस सदमे से एंजेला पूरी तरह टूट गईं। अब वह अपनी पूरी कहानी सोशल मीडिया और मीडिया इंटरव्यूज के जरिए दुनिया को बताती रहती हैं ताकि अपने दर्द को थोड़ा कम कर सकें।