सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद से दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों का मुद्दा चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि इलाके के सभी स्ट्रे डॉग्स को शेल्टर होम में भेजा जाए। इस पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंटी हुई है। कुछ लोग इसे जनता की सुरक्षा के लिए अच्छा कदम मानते हैं, वहीं कुछ का कहना है कि यह जानवरों के साथ नाइंसाफी है। विरोध करने वालों का तर्क है कि सिर्फ इसलिए कि कुत्ते बोल नहीं सकते, उनके साथ गलत व्यवहार करना सही नहीं है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुत्ते उत्पात मचाते नजर आ रहे हैं। तो आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो गया है जिसने इस बहस को और भी गर्मा दिया है। यह वीडियो कुत्तों से जुड़ा है और देखने में जितना अजीब है, उतना ही सोचने पर मजबूर भी करता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर दो-तीन कुत्ते एस्केलेटर पर खड़े हैं, जबकि एक कुत्ता नीचे मौजूद लोगों पर लगातार भौंक रहा है। वहां से गुजरने वाले यात्री ऊपर जाने के लिए एस्केलेटर का इस्तेमाल करना चाहते हैं, लेकिन कुत्तों की वजह से डरकर रुक जाते हैं। कुत्ते वहां से हट ही नहीं रहे, जिससे लोग असहज महसूस कर रहे हैं।
सुरक्षा को लेकर पैदा हुआ सवाल
यह घटना लोगों को हैरान कर रही है क्योंकि मेट्रो स्टेशन जैसे जगह पर कुत्तों का इस तरह मौजूद होना सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है। बहुत से लोगों का मानना है कि अगर ये कुत्ते अचानक किसी पर हमला कर दें तो हादसा हो सकता है। वहीं कुछ लोग इस घटना को मजाकिया अंदाज में ले रहे हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @gharkekalesh नाम की आईडी से शेयर किया गया है। पोस्ट होते ही यह तेजी से वायरल हो गया। अब तक इसे 25 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है और सैकड़ों लोग इसे लाइक कर चुके हैं। कमेंट्स में लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने मजाक में लिखा, “डॉगेश समाज में खबर फैल चुकी है, अब चाहे कहीं भी जाओ, इनके समर्थक हर जगह मिलेंगे और इन्हें बाहर निकालने की हिम्मत कोई नहीं करेगा।” दूसरे ने लिखा, “शेल्टर जाना है, इसलिए शॉपिंग करने आए हैं।” किसी ने चुटकी ली, “बाहर पकड़े जा रहे हैं, इसलिए अंदर छुप गए हैं।” वहीं एक और मजेदार कमेंट आया, “लगता है डॉगेश सुप्रीम कोर्ट के फैसले से नाराज हैं, अब हर जगह इनका ही राज होगा।”