दो डिब्बों के बीच जान जोखिम में डालकर ट्रेन का सफर करते मिले शख्स
- फोटो : X @sanjaykalyan_
सोशल मीडिया पर हर दिन कुछ न कुछ ऐसा देखने को मिल ही जाता है, जो लोगों को हैरान कर देता है। कभी कोई खतरनाक स्टंट वायरल होता है तो कभी किसी की लापरवाही चर्चा में आ जाती है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर ऐसा काम करते दिख रहे हैं, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। तो आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल वायरल वीडियो में कुछ यात्री ट्रेन के दो डिब्बों के बीच बैठकर सफर कर रहे हैं। जिस जगह पर ये लोग बैठे हैं, वहां जरा सी गलती भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ट्रेन तेज रफ्तार से दौड़ रही है और इन लोगों को न अपनी सुरक्षा की परवाह है, न ही रेलवे के नियमों की। वीडियो देखकर साफ लगता है कि ये लोग खतरे से खेल रहे हैं और इस बात से बिल्कुल बेपरवाह हैं कि उनका यह कदम उनकी जान तक ले सकता है।
दो डिब्बों के बीच में किया सफर
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @SanjayKalyan नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, “क्या आपने कभी बुलेट ट्रेन में सफर किया है? नहीं किया तो आज कर लो।” इस कैप्शन के साथ वीडियो ने लोगों का ध्यान तुरंत खींच लिया। वीडियो में दिखता है कि ट्रेन काफी तेज गति से चल रही है और कुछ लोग ट्रेन के डिब्बों के बीच की लोहे की जगह पर बैठे हैं, मानो यह कोई सीट हो।
वीडियो पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे जान से खेलने वाला स्टंट बताया, जबकि कुछ ने ऐसे यात्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एक यूजर ने लिखा, “भैया बहुत खतरनाक सफर है, डर है कहीं ऊपर का टिकट न कट जाए।” वहीं, दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, “जापान की बुलेट ट्रेन भी इसके आगे फेल है।” किसी ने उन्हें “खतरों के खिलाड़ी” कहा तो किसी ने लिखा, “जान जाए तो जाए लेकिन सफर तो करना ही है।” इस वीडियो को लेकर यह भी दावा किया जा रहा है कि यह घटना भारत की नहीं, बल्कि बांग्लादेश की है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी, वीडियो ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कुछ लोग किस हद तक अपनी और दूसरों की जान से खेल सकते हैं।