जरा सोचिए कि आप मेट्रो से उतरते ही अपने घर की ओर बढ़ रहे हों और अचानक ऐसा एहसास हो कि कोई आपका पीछा कर रहा है। आप हर कदम पर किसी अजनबी की आहट महसूस करें तो क्या आप खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे? दिल्ली की एक महिला के साथ हाल ही में कुछ ऐसा ही हुआ, जिसकी दास्तान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। महिला ने एक पोस्ट के जरिए अपना अनुबृभव भी साझा किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। आइए जानते हैं कि महिला ने क्या कहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
दिल्ली निवासी इस महिला ने रेडिट पर अपनी आपबीती साझा की, जिसने कई लोगों को झकझोर कर रख दिया। महिला ने बताया कि वह रात लगभग 10 बजे राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से मेट्रो में चढ़ी थीं और अपने घर की ओर रवाना हुईं। शुरुआत में सब कुछ नॉर्मल लग रहा था, लेकिन जैसे ही वह अपने स्टेशन पर उतरीं, उन्होंने गौर किया कि दो युवक उनके पीछे-पीछे चल रहे हैं। शुरुआत में उन्हें लगा कि हो सकता है वे लड़के भी उसी रास्ते जा रहे हों, लेकिन उन्होंने जब जानबूझकर अपना रास्ता बदला तो भी वे युवक पीछे ही बने रहे। महिला ने लिखा, "मैंने तेज चलना शुरू कर दिया और उन्होंने भी अपने कदम बढ़ा दिए। अब साफ हो गया कि वे मेरा पीछा कर रहे हैं।"
पुलिस कॉन्स्टेबल से ली सहायता
इस घबराहट भरे पल में महिला की नजर एक ऑटो स्टैंड पर खड़े पुलिस कांस्टेबल पर पड़ी। उसने तुरंत वहां पहुंचकर कांस्टेबल से कहा, "सर, कृपया यहीं रुकिए। मुझे लग रहा है कि कोई मेरा पीछा कर रहा है।" पुलिसकर्मी ने बिना देर किए स्थिति को समझा और महिला को अपने पास ही खड़े रहने को कहा। जैसे ही उन दो युवकों ने पुलिस को वहां देखा वे वहां से भाग खड़े हुए। महिला ने इस घटना को बेहद डरावना बताया और लिखा कि अगर वहां पुलिस वाला मौजूद नहीं होता तो शायद स्थिति और खराब हो सकती थी। उसने यह भी बताया कि उस पुलिसकर्मी की वजह से वह खुद को सुरक्षित महसूस कर पाईं।
लोगों ने पोस्ट पर दी ऐसी प्रतिक्रिया
इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। कई यूजर्स ने महिला की हिम्मत को सराहा और घटना पर गुस्सा जाहिर किया। एक यूजर ने लिखा, "ऐसी घटनाएं दिल दहला देती हैं। आज भी महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर पातीं।" वहीं दूसरे ने सलाह दी कि "अगर आसपास पुलिस न हो तो जरूरत पड़ने पर किसी अजनबी से भी मदद लेने में झिझक नहीं करनी चाहिए।"