हर किसी का सपना होता है कि वह अपनी जिंदगी भर की कमाई से एक ऐसा घर खरीदे, जहां सुकून और सुरक्षा दोनों मिलें, लेकिन दिल्ली-एनसीआर की एक लग्जरी सोसायटी से सामने आए वीडियो ने इस सपने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर खरीदे गए फ्लैट में बारिश के दौरान जो नजारा देखने को मिला, उसने घरवालों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स को भी हैरान कर दिया। छत और दीवारों से इस तरह पानी बहता नजर आया मानो किसी ने घर के अंदर ही फव्वारे चालू कर दिए हों। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दिल्ली-एनसीआर का एक फ्लैट दिखाई दे रहा है, जहां बारिश के बाद घर की हालत बेहद खराब हो गई। पानी केवल एक कोने से नहीं, बल्कि छत और दीवारों के कई हिस्सों से तेज रफ्तार में गिरता नजर आ रहा है। हालात ऐसे हो गए कि पूरा घर किसी फ्लैट से ज्यादा स्विमिंग पूल जैसा दिखाई देने लगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी का बहाव इतना तेज है कि उस जगह पर खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है।
घर के अंदर तक घुसा पानी
घर के अंदर रखा पंखा, टीवी, सोफा और बाकी सामान पूरी तरह पानी में भीग चुका है। परिवार के सदस्य बेबस होकर यह सब अपनी आंखों के सामने होते देख रहे हैं, जिस घर को उन्होंने सुरक्षित समझकर खरीदा था, वही कुछ ही मिनटों में पानी से लबालब भर गया। वीडियो देखने वाले लोग भी बिल्डर की निर्माण और क्वालिटी पर सवाल उठा रहे हैं।
महिला ने साझा किया वीडियो
यह वीडियो उसी सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, उन्होंने पोस्ट में लिखा, "कितने दुर्भाग्य की बात है कि इंसान अपनी पूरी जिंदगी की पूंजी लगाकर लगभग करोड़ों खर्च करके घर खरीदता है और उसके साथ ऐसा होता है। आगे उन्होंने दावा किया कि "फायर अलार्म पाइप का काम बेहद घटिया तरीके से किया गया था, जिसकी वजह से पाइप अचानक टूट गया और पूरे घर का फर्नीचर खराब हो गया। महिला ने यह भी बताया कि यह घटना उनकी ही सोसायटी में रहने वाले 13वें फ्लोर के एक परिवार के साथ हुई है, उनके मुताबिक प्रभावित परिवार ने इस मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दी है क्योंकि मेंटेनेंस एजेंसी नुकसान का मुआवजा देने के लिए तैयार नहीं है। पोस्ट में उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए आरोप लगाया कि बिल्डर ने निर्माण के दौरान बेहद घटिया मटेरियल का इस्तेमाल किया, जिसका खामियाजा अब घर खरीदने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है।