Trending: नए साल के जश्न के बीच, शराब के नशे में लोगों के बहकने की कई खबरें आ चुकी हैं। कुछ लोग मौज-मस्ती में शराब पीते हैं, तो कुछ इसकी लत का शिकार हो जाते हैं। शराब की लत इंसान को इस कदर बेबस कर देती है कि शराब न मिलने पर वे ऐसी हरकतें कर बैठते हैं जो उनके लिए ही नहीं, बल्कि दूसरों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती हैं। हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शराबी को शराब के लिए पैसे न मिलने पर बिजली के तारों पर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। आइए देखते हैं वीडियो...
गौरतलब है कि यह घटना आंध्र प्रदेश के मान्यम जिले की है। 31 दिसंबर को सिंगीपुरम इलाके में रहने वाले मांडू बाबू नामक एक व्यक्ति अपनी शराब की लत के चलते कुछ ऐसा किए जिससे उनकी जान भी जा सकती थी। मांडू बाबू को शराब पीने की बुरी आदत है। 31 दिसंबर को उसने अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगे, मगर जब उसकी मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसने अपनी मां पर दबाव बनाने के लिए एक बेहद खतरनाक कदम उठाया।
नशे में धुत होकर तारों पर लेटा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मांडू बाबू पहले से ही नशे में था, इसलिए उसे कुछ भी होश नहीं था। गुस्से में वह घर के पास लगे एक बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इतना ही नहीं, वह खंभे पर लगे बिजली के तारों पर जाकर लेट गया और उसे वहीं नींद आ गई। इस खतरनाक नजारे को देखकर आसपास के लोगों के होश उड़ गए। ध्यान देने वाली बात है कि खबर लिखने तक इस वीडियो को 2 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, साथ इसे 2 हजार से अधिक लोगों ने लाइक किया है। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @TeluguScribe नाम के यूजर ने शेयर किया है।
इस वजह से बची उनकी जान
आमतौर पर अगर कोई व्यक्ति बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बिजली के तारों को छूता है, तो करंट लगने से उसकी तुरंत मौत हो सकती है। मगर मांडू बाबू के मामले में एक बड़ी दुर्घटना टल गई। दरअसल, जैसे ही लोगों ने मांडू बाबू को बिजली के खंभे पर चढ़ते देखा, उन्होंने तुरंत बिजली विभाग को सूचित किया और इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी। इस वजह से मांडू बाबू को करंट नहीं लगा और उसकी जान बच गई। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तारों से नीचे उतारा गया। मांडू बाबू की यह घटना एक चेतावनी है। यह हमें शराब की लत के खतरों के बारे में बताती है और हमें इसके प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देती है।