OPD में डॉक्टर साहब नहीं थे तो पहुंच गया सांड
- फोटो : एक्स@Benarasiyaa
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक अजीब और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक सांड सीधे अस्पताल के ओपीडी में घुस गया और वहां ऐसा हंगामा किया कि लोग देखकर हैरान रह गए। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह मामला बहराइच के एक प्राइमरी हेल्थ सेंटर का है। घटना के समय अस्पताल में न कोई डॉक्टर था। न नर्स और न ही कोई और कर्मचारी। अस्पताल पूरी तरह खाली पड़ा था। इसी बीच एक सांड मस्ती से वहां पहुंच गया और बिना किसी रुकावट के अंदर चला गया। ओपीडी में पहुंचते ही वह डॉक्टर की कुर्सी के पास खड़ा हो गया और टेबल पर रखे कागजों को चबाने लगा। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल में न तो मरीज हैं और न ही कोई स्टाफ। सिर्फ एक सांड डॉक्टर की कुर्सी के पास खड़ा है और टेबल पर रखे दस्तावेज चबा-चबाकर खा रहा है। यह नजारा देखने में जितना अजीब था, उतना ही मजेदार भी लग रहा था।
वीडियो पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा तो तेजी से वायरल हो गया। एक्स प्लेटफॉर्म पर @Benarasiyaa नाम के एक यूजर ने इसे शेयर करते हुए लिखा, “यूपी के बहराइच में एक स्वास्थ्य केंद्र पर।” इसके बाद कई और यूजर्स ने यह वीडियो शेयर किया और उस पर जमकर कमेंट किए। लोगों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग थीं। कुछ यूजर्स ने इस घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब अस्पताल में कोई कर्मचारी ही नहीं है तो वहां इलाज कैसे चलता होगा? कई लोगों ने इसे सरकारी अस्पतालों की लापरवाही का बड़ा सबूत बताया। वहीं, कुछ ने इसे मजाकिया नजरिए से देखा और व्यंग्य करते हुए कहा, “अब यह साफ हो गया है कि विकसित भारत में संसाधनों पर पहला हक सांड का है। अच्छा लगा देखकर कि वह कागजी काम का पूरा फायदा उठा रहा है।”
इंटरनेट पर छिड़ी बहस
इस वीडियो ने इंटरनेट पर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति को लेकर बहस छेड़ दी। कई लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से सवाल किए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि अगर अस्पताल में स्टाफ मौजूद होता तो शायद यह घटना नहीं होती। बहराइच के इस अस्पताल में सांड के घुसने की घटना देखने में भले ही मजेदार लगे, लेकिन यह एक गंभीर मुद्दा भी है। यह दिखाता है कि गांव के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत कितनी कमजोर है और वहां निगरानी की कितनी कमी है। इस तरह की घटनाएं सिर्फ मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने का मौका नहीं हैं, बल्कि यह सरकार और प्रशासन के लिए चेतावनी भी हैं।