मुंबई के पूर्वी एक्सप्रेस हाईवे के पास एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाले की सफाई के दौरान मजदूरों को एक 9 फुट लंबा अजगर दिखा। यह अजगर एक मादा थी, जो अपने अंडों के साथ नाले में छिपी हुई थी। यह नजारा देखकर मजदूर हैरान रह गए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। तो आज की इस खबर में हम भी आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामला गंभीर इसलिए था क्योंकि यह जगह हाईवे के बेहद पास थी। अजगर डर के मारे बाहर निकल सकती थी और हाईवे पर आ जाती, जहां तेज रफ्तार गाड़ियां उसके लिए जानलेवा साबित हो सकती थीं। इतना ही नहीं डर के कारण वह अपने अंडों को भी छोड़ सकती थी, जिससे उनके भी मरने का खतरा था। स्थिति को देखते हुए वन्यजीव बचाव दल को तुरंत मौके पर बुलाया गया। टीम ने पहले मादा अजगर को बहुत सावधानी से पकड़ा और उसे जंगल में छोड़ दिया। इसके बाद उसके अंडों को सुरक्षित करने का काम सौंपा गया।
गटर में मिले अजगर के 22 अंडे
टीम ने इन अंडों को एक सुरक्षित जगह पर रखा। उन्हें मिट्टी, कोको पीट और चारकोल की बोरियों में रखा गया ताकि उन्हें प्राकृतिक माहौल जैसा तापमान और नमी मिल सके। कुछ हफ्तों की देखभाल के बाद इन 22 अंडों से छोटे-छोटे अजगर के बच्चे बाहर निकले। अब ये सभी बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं और जंगल में छोड़े जाने के लिए तैयार हैं। इस घटना का वीडियो @rawwmumbai नामक इंस्टाग्राम पेज पर डाला गया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यह दिखाया गया है कि सफाई कर्मचारियों को नालों में सफाई करते समय किस तरह के खतरों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही यह भी दिखाया गया है कि किस तरह समय पर मदद मिलने से जानवरों की जान बचाई जा सकती है।
वीडियो पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ढक्कन खोलते ही छोटे-छोटे सिर बाहर निकले, डर लग गया।” एक और ने कहा, “आपने तो इनकी मदद कर दी, लेकिन सोचकर ही डर लगता है कि अगर टॉयलेट से कोई अजगर निकल आया तो क्या होगा?” किसी और ने लिखा, “टीम को बधाई, आपने अजगर के अंडों को बचाकर उन्हें जीवन का एक और मौका दिया।” वहीं किसी ने कहा, “इन खूबसूरत जीवों को बचाने के लिए दिल से शुक्रिया।”