दरभंगा के लहेरियासराय स्टेशन से पहले पंडसराय में गुरुवार को रेलवे गुमटी (रेलवे फाटक) बंद होने से नाराज एक युवक ने गुमटी गेटमैन को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के बाइक नंबर के आधार तलाश शुरू कर दी है।
घायल गेटमैन की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। लहेरियासराय रेलवे स्टेशन के दक्षिण स्थित 19 नंबर गुमटी में उसकी तैनाती चल रही है। फिलहाल घायल गेटमैन का इलाज डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार लहेरियासराय स्टेशन से पहले पंडसराय में सुबह करीब सवा आठ बजे एक ट्रेन के गुजरने के बाद भी काफी देर तक गुमटी बंद रही। इस दौरान एक बाइक सवार युवक ने गेटमैन को गुमटी खोलने को कहा। इस पर गेटमैन ने दूसरी गाड़ी के शंटिंग और बैक होने तक गुमटी बंद रहने की बात कही। इस पर युवक आक्रोशित हो गया और जेब से चाकू निकालकर गेटमैन अखिलेश के सिर और गर्दन के पास वार कर दिया और फरार हो गया। गेटमैन ने घायल होने के बावजूद युवक के बाइक के नंबर प्लेट की तस्वीर खींच ली। फिलहाल बाइक नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसकी खोज की जा रही है।