समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में बुधवार शाम क्रिकेट खेलने निकले एक 18 वर्षीय युवक के अपहरण की कोशिश की गई। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके बाएं हाथ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल युवक का इलाज रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्रिकेट खेलने जा रहा था युवक, रास्ते में घेर लिया
घायल युवक की पहचान शाहपुर निवासी मणिकांत रॉय के 18 वर्षीय पुत्र सम्राट सौरभ के रूप में हुई है। बताया गया कि वह शाम को क्रिकेट खेलने के लिए घर से निकला था। गांव के एक विद्यालय के पास गाछी की ओर जाते समय पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया।
पहले मारपीट, फिर अगवा करने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने पहले सम्राट के साथ मारपीट की और फिर जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने गोली चला दी, जो उसके बाएं हाथ में लगी। इसके बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार और अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी।
डीएसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा स्वयं अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल युवक से पूरी घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:
बीच सड़क युवक को मारी गोली! मामूली विवाद के बाद फायरिंग; शराब कारोबार का भी जुड़ रहा कनेक्शन
अपहरण, रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच
रोसड़ा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अपहरण की कोशिश, पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण से वारदात को अंजाम दिया गया, इसकी पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।