बिहार के सीवान में एक युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मामला असांव थाना क्षेत्र का है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि असांव थाना क्षेत्र के झंडा छपरा निवासी रामनाथ का बेटा रोहित कुमार (23) कुएं के पास खड़े होकर नहा रहा था। जब वह बाल्टी डालकर दोबारा निकालने लगा तो उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। कुएं में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसको बचाने का प्रयास किया। तब तक रोहित कुमार ने कुएं में ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोग उसे निकाल कर आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों की टीम ने रोहित कुमार को मृत घोषित कर दिया।
पासपोर्ट बनवाने के लिए आया था सीवान
जानकारी के मुताबिक, असांव थाना क्षेत्र के झंडा छपरा निवासी रोहित कुमार पुणे में रहकर काम करता था। वह सीवान में पासपोर्ट बनवाने के लिए आया था और पासपोर्ट बनवाकर वह विदेश जाना चाहता था। लेकिन शुक्रवार को कुएं के पास खड़े होकर नहाना उसको भारी पड़ गया। पानी निकालने के दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर असांव थाना प्रभारी बिपिन कुमार ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान मोर्चरी भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। रोहित कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।