बिहार के पटना साहिब से सांसद और वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न सिन्हा के एक ट्वीट ने आरक्षण पर चल रहे घमासान के बीच भाजपा की मुश्किलें बढ़ाने की तैयारी कर दी है।
ज्यादातर मुद्दों पर पार्टी से अलग लाइन पर चल रहे बिहारी बाबू शत्रुघ्न ने आरक्षण के मुद्दे पर आरएसएस प्रमुख का समर्थन करते हुए उनकी बात को गंभीरता से लेने की मांग की है। रविवार को ट्वीट करते हुए शत्रुघ्न ने कहा कि 'आरक्षण के मुद्दे पर मोहन भागवत के बयान को गंभीरता से लेना चाहिए।
वह खुद भी आरएसएस सुप्रीमो के विचार को काफी सम्मान से देखते हैं।' उन्होंने एक तरह से भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए लिखा कि 'भाजपा और संघ के पितातुल्य शख्स की कुछ लोगों द्वारा निंदा करने से वह बेहद आहत हैं।'
ऐसे में यह सवाल फिर खड़ा हो गया है कि जहां पूरी पार्टी आरक्षण के मुद्दे पर आरएसएस प्रमुख के बयान से किसी तरह खुद को किनारे रखने की कवायद में लगी है वहां शत्रुघ्न क्यों भागवत का समर्थन कर पार्टी की टेंशन बढ़ाने में लगे हैं।