सदर प्रखंड व सदर थाना की मुख्य सड़क पर भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के दरभंगा में बारिश के कारण हुए जल जमाव की वजह से पिछले एक महीने से धर्मपुर इंडस्ट्रियल एरिया से सदर थाना और प्रखंड की मुख्य सड़क पूरी तरह जलमग्न हैं। सदर प्रखंड मुख्यालय और सदर थाना जाने वाली मुख्य सड़क पानी में डूबी हुई है। सड़क पर दो से तीन फुट तक पानी बह रहा है। मुख्य सड़क सहित सदर थाना परिसर और सदर प्रखंड कार्यालय परिसर के पानी में डूबे रहने से यहां काम करने आने वालों के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रखंड क्षेत्र की विकास योजना को मूर्त रूप प्रखंड मुख्यालय से ही दिया जाता है। लेकिन प्रखंड मुख्यालय के पास ही मुख्य सड़क पानी में डूबी हुई है। इसे देखने वाला कोई नहीं है। प्रखंड के सभी अधिकारी बीडीओ, बीपीआरओ, सीओ इस समस्या से आंख मूंदे हुए अपनी चार चक्का गाड़ी से कार्यालय पहुंच जाते हैं। लेकिन जल जमाव के कारण आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस इलाके के लगभग 50 हजार की आबादी वाले धरमपुर, कबीरचक, मथुरापुर और पोषरापुरा के लोगों को प्रतिदिन शहर आने के लिए इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इलाके के लोग सहमे हुए हैं कि कहीं जल जमाव से डेंगू न फैल जाए, क्योंकि लगभग एक महीने से इलाके में जल जमाव की स्थिति बनी हुई है।
कबीरचक निवासी गुंजन कुमार ने कहा कि इस इलाके में करीब एक महीने से जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। इस कारण घर से निकलना दुश्वार हो गया है। अब तो लोगों को डर सताने लगा है कि कहीं इस गंदे पानी से इलाके में डेंगू न फैल जाए। इस बात से इलाके के लोग सहम गए हैं। उन्होंने बताया कि बगल के मुहल्ले में एक डेंगू का मरीज मिला है। समय रहते प्रशासन से गुहार लगाते हुए शीघ्र जल जमाव से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
मथुरापुर के सुनील कुमार ने कहा कि थाना और प्रखंड कार्यालय में रोज बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। लेकिन मुख्य सड़क पर पानी जमा रहने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। इसके बावजूद जिम्मेवार अधिकारी चुप बैठे हैं। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय तक जाने के लिए कोई रिक्शे वाला भी तैयार नहीं होता है। कई लोग लंबी दूरी तय कर रास्ता बदलकर आने-जाने को विवश हैं।