बिहार में पूर्ण शराबबंदी है इसका ढोल देश के हर कोने में पीटा जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार शराबबंदी को लेकर बहुत आशान्वित भी हैं। वह अपने भाषणों में शराबबंदी की उपलब्धि का अक्सर बखान करते नजर आते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अब किसी से छिपी नहीं है। आए दिन शराब पार्टी के किस्से सबके सामने आते रहते हैं। लेकिन राज्य में केवल नाम की शराबबंदी है।
इस बार कुछ कथित गुरु जी ने सरकार की शराबबंदी को ठेंगे पर रख दिया है। और शराबबंदी कानून को चखने के साथ तेल में तल डाला है। खुल्लम-खुल्ला शराब और कबाब के साथ जाम छलक रहा है। कैमूर में गुरु जी को ही सरकार की बात जब समझ में नहीं आई तो वह बच्चों को क्या समझाएंगे।
दरअसल भगवानपुर के एक पिकनिक स्पॉट पर कुछ शिक्षक लोगों का जाम छलकाते हुए वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि शराब के साथ कुछ लोग कानून को चखने की तरह कैसे चख रहे हैं। खुलम-खुल्ला शराब पार्टी चल रही है, कोई टमाटर चाट रहा है तो कोई पैग बनाने में लगा है। गंदी-गंदी बातों का भी दौर चालू है।
विभाग से जुड़ा है मामला
दरअसल इस वायरल वीडियो में शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाते शिक्षक को लेकर अलग अलग बात सामने आ रही है। लेकिन अधिकारी लोगों का यह दावा है कि शराब खोरी करने वाले लोग भगवानपुर प्रखंड के अलग-अलग स्कूल में स्थापित शिक्षक हैं। वीडियो वायरल होने और शिक्षकों के जाम छलकाने की बात सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों में सनसनी फैल गई है।
हालांकि कैमूर में यह कोई नया मामला नहीं है। आए दिन इस तरह का मामला सामने आता रहता है। कभी चूहों के नाम पर थानेदार शराब पीते हैं तो कभी थाने में वर्दी धारी अधिकारी गुंडई दिखाते हैं। अब तो शिक्षा विभाग भी वंचित नहीं रहा समाज को शिक्षा देने वाले ही शिक्षक सरकार के शराबबंदी कानून को तख्ते पर रख खुलेआम शराब पी रहे हैं।
इससे पहले भी ऐसे ही दो वीडियो और वायरल हो चुके हैं। अब देखना यह है कि इस मामले में जिला अधिकारी और शिक्षा विभाग किस तरह की कार्रवाई करते हैं।