सराय थाना क्षेत्र के मनीभकुहर गांव में छुट्टी लेकर घर लौट रहे एक फौजी अमरजीत कुमार पर चार बदमाशों ने हमला कर दिया। लोहे की रॉड से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल किया गया और उसका लाइसेंसी पिस्तौल छीन लिया गया।
वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के मनीभकुहर गांव में रविवार सुबह एक फौजी अमरजीत कुमार पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। अमरजीत छुट्टी लेकर अपनी ड्यूटी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के दरवाजे से कुछ ही दूरी पर पहुंचा, पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उस पर पीछे से लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
विज्ञापन
बदमाशों ने पिस्तौल भी छीनी, पिता को भी पीटा
घटना के दौरान अमरजीत के पिता कामेश्वर ठाकुर जब शोर सुनकर बाहर आए और बेटे को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। शोरगुल सुनकर जब गांव वाले जुटे तो बदमाश मौके से फरार हो गए। भागते समय वे अमरजीत का लाइसेंसी पिस्तौल भी अपने साथ ले गए।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल अमरजीत ने सराय थाने में राकेश ठाकुर, उमेश ठाकुर, चुलबुल कुमार और गोल्डेन कुमार के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। सराय थाना अध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।