बिहार में दो जुड़वां भाई 40 सालों से कमर से आपस में जुड़े हुए हैं। इन दोनों भाइयों के नाम राम और श्याम है और ये गया शहर के मगध मेडिकल थाना के बिनोवा नगर के वार्ड 29 के निवासी हैं। कमर से शरीर जुड़ा होने के बावजूद दोनों का हर अंग अलग है। चलने की शक्ति बड़े भाई राम के पास है और छोटा भाई श्याम सिर्फ सपोर्ट करता है। दोनों आराम से अपने गंतव्य तक पैदल ही पहुंच जाते हैं।
कई चीजों में दोनों एक दूसरे के जैसे हैं। दोनों के बाल भी एक तरीके के हैं और चेहरे भी मिलते हैं। दोनों एक समान चोटी बांधते हैं और दोनों को गाने सुनने का शौक है। दोनों भाई क्रिकेट की कमेंट्री सुनने के दीवाने हैं। नेता में नरेंद्र मोदी और खिलाड़ी में महेंद्र सिंह धोनी इनकी पसंद है। पर पिछले कुछ समय से दोनों बीमार हैं। उचित इलाज के अभाव में इनके अंग साथ छोड़ने की स्थिति में हैं।
पैर में रही ताकत फिलहाल खत्म सी हो गई है और अब ये पूरी तरह से चलने में असमर्थ हैं। राम-श्याम बताते हैं कि उन्हें इस तरह की जिंदगी से कोई शिकवा नहीं है। जीने की इच्छा और प्रबल होती है ताकि लोग ऐसी जिंदगी को बोझ नहीं समझें। दोनों भाई ज्यादा से ज्यादा वर्षों तक जीना चाहते हैं। ज्यादा जिंदगी जीकर वे उदाहरण बनना चाहते हैं कि ऐसे लोग भी लंबे समय तक खुशी से जीवन यापन कर सकते हैं।