बरडीहा गांव में आग की चपेट में 12 घर
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड के बरडीहा गांव के वार्ड 15 निवासी दयानंद सहनी के घर में सुबह लगभग दो बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते उसने 12 घरों को जलाकर राख कर दिया। हालांकि स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की मगर जब आग पर काबू नहीं पा सके तो दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित लोगों में जगत सहनी, रामदास सहनी, दिलीप सहनी, धर्मेंद्र सहनी, मनोज सहनी, बिरजू सहनी, बलम सहनी, शिव शंकर सहनी, सोभा देवी और भरत सहनी आदि शामिल हैं। आग लगने की इस घटना में दयानंद सहनी के घर में भवन निर्माण के लिए रखे लगभग चार लाख रुपये भी जल गए। पीड़ित महिला ततरी देवी ने बताया कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण मेरे घर में आग लग गई। इस घटना में चार लाख की नकदी समेत 10 लाख का सामान जलकर राख हो गया है।
आग लगने की सूचना अंचलाधिकारी को भी दी गई है। उसके बाद अंचलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग लगने से हुई क्षति का आकलन कर रहे हैं। वहीं, पातेपुर थाना की ओर से बताया गया कि बरडीहा गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। उसमें दर्जनों घर जलकर राख हो गए हैं। दमकल की टीम को मौके पर भेजकर आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।