हादसे के बाद खेत में गिरी गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के छपरा में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। छपरा-सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-531 पर सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवार रेलवे फ्लाईओवर के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में आर्केस्ट्रा टीम के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
शादी समारोह से लौट रही थी आर्केस्ट्रा टीम
बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में सवार सभी लोग एक आर्केस्ट्रा टीम के सदस्य थे, जो रातभर शादी समारोह में कार्यक्रम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई लोग गाड़ी में ही फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना स्थल से कुछ घायलों को सदर अस्पताल छपरा और कुछ को एकमा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद एनएच-531 पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जबकि घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
ये भी पढ़ें:
दहेज की बलि चढ़ी पूजा; ससुराल में कुदाल से काटकर विवाहिता की बेरहमी से हत्या, मायके में पसरा मातम
लगातार हादसों से सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इसी जगह 6 मई को भी आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।