Tiger shroff firing: टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस के इनपुट पर बेगूसराय की रतनपुर थाना पुलिस ने ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के परिजनों से पूछताछ की। युवक दो महीने पहले मुंबई गया था। उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में बेगूसराय का कथित कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर बेगूसराय की रतनपुर थाना पुलिस ने जिला मुख्यालय के पिपरा मोहल्ले में पहुंचकर ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के परिजनों से पूछताछ की। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, फायरिंग की घटना में ऋतिक की भूमिका या संलिप्तता की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसी क्रम में रतनपुर थाना पुलिस पिपरा मोहल्ले पहुंची और परिवार के सदस्यों से ऋतिक के मुंबई जाने, वहां रहने और उससे हाल में हुई बातचीत के संबंध में पूछताछ की। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
पिपरा चौक के पास कपड़े और नाश्ते की दुकान चलाते हैं पिता
ऋतिक के पिता रामू महतो पिपरा चौक के पास कपड़े की दुकान चलाते हैं। इसके साथ ही वह नाश्ते की एक छोटी दुकान भी संचालित करते हैं। परिवार का स्थायी घर मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा में बताया गया है, जबकि ऋतिक की शादी इटवा मोहल्ले में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, ऋतिक करीब दो महीने पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गया था। वहां वह एक गेस्ट हाउस में काम करता था और वहीं रह रहा था। परिवार का कहना है कि पुलिस के घर पहुंचने के बाद उन्हें इस मामले की जानकारी मिली। इसके बाद से वे भी बेटे से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।