पटना के खगौल थाना क्षेत्र में दानापुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट के पास भारी बारिश के बीच सड़क के किनारे एक पेड़ ऑटो रिक्शा पर अचानक गिर गया, जिसके चलते ऑटो रिक्शा पर सवार डेढ़ साल की एक बच्ची और तीन महिलाओं की मौत हो गई।
खगौल थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरी ओर पटना के पंडारक थाना क्षेत्र में एक पेड़ गिरने से सड़क यातायात बाधित हो गया। पेड़ को जेसीबी की मदद से सड़क से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
भागलपुर में दीवार गिरने की एक के बाद एक लगातार तीन घटनाओं से लोग दहशत में हैं। शहर में कई जगहों पर पुरानी इमारते हैं, जो कि जर्जर अवस्था में हैं। इन घटनाओं के बाद लोग डरे-सहमे हैं।
पहली घटना: हनुमान घाट में तीन लोगों की मौत
भारी बारिश के बीच शहर के हनुमान घाट इलाके में एक पुरानी दीवार गिर गई, जिसमें तीन लोग दब गए। मरने वालों में भीखनपुर त्रिमूर्ति चौक निवासी 38 वर्षीय पेंट व्यवसायी विवेक प्रकाश और उनके कर्मचारी संत नगर कॉलोनी, बरारी निवासी 24 वर्षीय विकास चंद्र दास की मौत हो गई। इन दोनों के अलावा शहर के भावना होटल के कर्मी 50 वर्षीय विकास चंद्र दास की भी मौत हो गई। विकास रिफ्यूजी कॉलोनी के रहनेवाले थे।
दूसरी घटना: मायागंज झोपड़पट्टी में बुजुर्ग पर गिरी दीवार दीवार गिरने की दूसरी घटना मायागंज झोपड़पट्टी में हुई। यहां जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पास स्थित सुंदरवन की पिछली दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दब कर 70 वर्षीय बुजुर्ग शुक्र दास की मौत हो गई।
तीसरी घटना: एक बच्ची समेत दो की मौत
शहर के महाराज घाट में दीवार गिरने से एक बच्ची समेत दो की मौत हो गई। यहां बुनिल वर्मा के घर की दीवार गिर गई। इस घटना में मरने वालों में बड़ी खंजरपुर, दुर्गा स्थान निवासी 45 वर्षीय अनिल शर्मा और मजदूर शिव ठाकुर की 10 वर्षीया बेटी सलोनी कुमारी उर्फ सल्लो की मौत हो गई।