तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की एक केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में बिहार के दो श्रमिकों की मौत और 16 के घायल होने की घटना पर बिहार सरकार ने कड़ा संज्ञान लिया है। राज्य सरकार ने पहली बार किसी अन्य राज्य में हुए हादसे की जांच के लिए विशेष जांच दल भेजने का फैसला किया है।
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में बिहार के दो श्रमिकों की मौत और 16 अन्य श्रमिकों के घायल होने की घटना को बिहार सरकार ने गंभीरता से लिया है। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष दल गठित किया है, जो जल्द ही तेलंगाना रवाना होकर घटनास्थल पर जाकर फैक्ट्री की विस्तृत जांच करेगा।
विज्ञापन
बिहार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी कि यह पहली बार है जब राज्य सरकार बाहरी राज्य में हुई किसी औद्योगिक दुर्घटना की जांच के लिए अपनी टीम भेज रही है। उन्होंने कहा कि जांच दल में विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि क्या फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई गंभीर लापरवाही तो नहीं हुई।
मंत्री ने कहा, "अगर जांच में कोई बड़ी चूक पाई जाती है, तो बिहार सरकार इस मुद्दे पर तेलंगाना सरकार और केंद्र सरकार से भी बात करेगी।" इस मौके पर श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद भी उपस्थित थे। बिहार सरकार ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि, जबकि घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। सचिव दीपक आनंद ने बताया कि मृतकों के पार्थिव शरीर को मंगलवार शाम पटना लाया जा रहा है, जहां से उन्हें उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था सरकार करेगी।
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना को मंजूरी पर मंत्री ने दी बधाई
इस अवसर पर श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कैबिनेट द्वारा मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना को मंजूरी दिए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जो युवाओं को रोजगार के लिए इस प्रकार से प्रोत्साहित कर रहा है। मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत अगले पांच वर्षों में 1 लाख 5 हजार युवाओं को इंटर्नशिप से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सरकार ने 685 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि कार्य अनुभव की कमी के कारण बिहार के युवाओं को अन्य राज्यों में नौकरी मिलने में कठिनाई होती है, जिसे यह योजना दूर करेगी।