तीनों घायल छात्रों का जीएमसीएच में इलाज चल रहा है
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया मोतिहारी एनएच के मछली लोक के पास तेज रफ्तार कार ने छह स्कूली छात्रों को रौंद दिया। इस हादसे में दो बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक छात्र की मौत इलाज के दौरान हो गई। वहीं, इस हादसे में तीन अन्य छात्र घायल हो गए। सभी घायल छात्रों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया पहुंचाया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलदारी हरिजन स्कूल में छुट्टी हुई थी। छुट्टी के बाद बच्चे अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान वे सड़क पार कर रहे थे। तब तक सड़क पार करने के बाद मोतिहारी की तरफ से एक तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित कार ने छह छात्रों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में मृतक तीन छात्रों में दो सगे भाई हैं। मृतकों की पहचान पोखर भिंडा गांव निवासी कंचन राम के बेटे अर्जुन कुमार (14), सुदर्शन राम के बेटों लाल जी राम (15) और गोपालजी कुमार (14) के रूप में हुई है।
वहीं, घायलों की पहचान पोखर भिंडा गांव निवासी छोटेलाल राम के बेटे सुदामा कुमार (13), दिवंगत रामायण राम के बेटे संदीप कुमार (12) और चढिहारवा टोला गांव निवासी इब्राहिम मियां के बेटे मोहम्मद युनुस (12) के रूप में हुई है। सीभी घायलों का इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है। वहीं, मामले को लेकर पुलिस छानबीन करने में जुटी है।