बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के काफिले पर हमले के आरोप में छह राजद समर्थकों को गिरफ्तार कि या गया है। मोदी के काफिले पर बुधवार की रात वैशाली में हमला हुआ था।
जिन छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे उन नौ लोगों में शामिल हैं, जिन्हें एर्फआईआर में आरोपी बनाया गया है। राजा पाकड़ के सब-इंस्पेक्टर के बयान के मुताबिक 100 अनाम लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। हमले के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मोदी की कार पर वैशाली जिले के काला पहाड़ इलाके में हमला हुआ था। वह एक श्राद्ध कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। हमले की घटना से कुछ ही देर पहले राजद प्रमुख लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव का काफिला इस रास्ते से गुजरा था। यह इलाका राजद का गढ़ समझा जाता है।
मोदी ने कहा कि लोगों की भीड़ ने मेरी गाड़ी को घेर लिया और नारेबाजी करते हुए अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। अगर सुरक्षाकर्मी नहीं होते तो मेरे साथ कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। दरअसल सत्ता जाने के बाद राजद और उसके समर्थक बौखला गए हैं।