प्रधानमंत्री मोदी की रैली के ठीक बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद मचे बवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने रविवार को अपना पक्ष रखा। मीडिया के सामने आए बिहारी बाबू शत्रुघ्न ने शायरी के साथ अपनी बात रखते हुए कहा कि लोगों ने छोटी सी मुलाकात को अफसाना बना दिया।
कहा कि नीतीश कुमार से उनके व्यक्तिगत संबंध हैं और वो पहले भी उनसे मिलते रहे हैं। शत्रु ने कहा कि मेरी नीतीश कुमार से डील है कि हम जब भी पटना में रहेंगे तो एक कप चाय पर जरूर मिलेंगे, इसलिए उनसे मिलने गया था जहां चाय नहीं कॉफी पी।
मेरे उनसे संबंध पहले की तरह व्यक्तिगत हैं और हमेशा रहेंगे मैं आगे भी उनके यहां जाता रहूंगा। उन्होंने पार्टी छोड़ने की बात से पूरी तरह इंकार करते हुए कहा कि मैं पहली और आखिरी बार बीजेपी में हूं और तब से हूं जब पार्टी मात्र दो सांसदों की पार्टी थी। इसलिए मेरी पूरी निष्ठा पार्टी के साथ है।
कहा पार्टी में सीएम पद के कई योग्य उम्मीदवार
प्रधानमंत्री मोदी से मनमुटाव की बात को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी मैं, अरुण शौरी, शांता कुमार या कोई अन्य नेता अपनी बात रखता है तो उसे इस बात से जोड़ लिया जाता है कि उन्हें मंत्री पद नहीं मिला इसलिए इस तरह बोल रहे हैं।
कहा कि मेरे जैसे वजूद वाले व्यक्ति को अपनी पहचान के लिए मंत्री पद की जरूरत नहीं है। न ही मेरी इच्छा मुख्यमंत्री बनने की है। पार्टी में सुशील मोदी, नंद किशोर राय, गिरीराज सिंह और सीपी ठाकुर जैसे काफी लोग इस पद के लायक हैं।
शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्न ने कहा कि राजनीति में इतनी गुंजाइश हमेशा रहनी चाहिए कि एक दूसरे से आंख मिला सको। इसलिए वह सभी दलों के नेताओं से अच्छे रिश्ते रखने में विश्वास रखते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अच्छे मुख्यमंत्री हैं इसलिए मैं उनकी तारीफ करता हूं।
नीतीश की तारीफ में ये बोले थे शॉटगन
इससे पूर्व शनिवार को बिहार में नरेंद्र मोदी की रैली से गदगद प्रदेश भाजपा को पहले हायाघाट के विधायक अमरनाथ गामी और देर रात पटना साहेब के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने करारा झटका दे दिया था।
विधायक गामी ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष को अपना त्यागपत्र भेज दिया था, वहीं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनकी तारीफों के पुल बांधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध दिया था।
नीतीश को सबसे काबिल मुख्यमंत्री करार देते हुए शत्रुघ्न ने कहा कि देश में नीतीश चंद बेहतरीन मुख्यमंत्रियों में से एक हैं। पार्टी लाइन से अलग जाकर मोदी की आलोचना करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि आज आरोप-प्रत्यारोप करने का समय नहीं था, लेकिन मुख्यमंत्री ने भी बहुत सारे खुलासे किए।
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री बिहार आए थे, तो विकास की बात होनी चाहिए थी। राजनीति की बातें हुई तो कोई किसी से कम नहीं है।
पीएम पर साधा निशाना और मुख्यमंत्री की तारीफ की
शनिवार देर रात नीतीश से मिलने उनके आवास पर पहुंचे भाजपा सांसद ने कहा था कि नरेंद्र मोदी को नीतीश कुमार की इस प्रकार आलोचना नहीं करनी चाहिए थी।
बिहारी बाबू के नाम से प्रसिद्ध शत्रुघ्न सिन्हा वैसे कई बार पार्टी लाइन से अलग बयान दे चुके हैं, लेकिन उनका ताजा बयान सीधा मोदी को निशाना बनाकर दिया था। वहीं उनकी मुलाकात के बाद जेडीयू महासचिव ने उन्हें पार्टी में आने का निमंत्रण दे डाला।
ऐसे में माना जा रहा था कि यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी बगावत है। ताजा घटना के बाद भाजपा उन पर कोई कार्रवाई करती है या नहीं, यह तो समय ही बताएगा, लेकिन जिस प्रकार नीतीश से वह मिलने पहुंचे और नीतीश गाड़ी तक उनको छोड़ने आए, उससे माना जा रहा है कि शत्रुघ्न जदयू में आएं या न आएं, लेकिन जदयू के राजीव रंजन के प्रस्तावित जातीय सम्मेलन में हिस्सा जरूर लेंगे।