बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा 2026 के परिणाम में जमुई स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विद्यालय की छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने 492 अंक (98.40%) प्राप्त कर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने वैशाली जिले की छात्रा सबरीन परवीन के साथ संयुक्त रूप से टॉप कर विद्यालय और अपने जिले का नाम रोशन किया है।
बांका जिले के रहने वाली हैं पुष्पांजलि
पुष्पांजलि कुमारी मूल रूप से बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव की निवासी हैं। उनकी इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सिमुलतला आवासीय विद्यालय को लंबे समय से “टॉपर्स फैक्ट्री” के रूप में जाना जाता रहा है और इस वर्ष के परिणाम ने एक बार फिर इस पहचान को मजबूत किया है।
मैट्रिक परीक्षा में दर्ज कराई मजबूत उपस्थिति
पिछले कुछ वर्षों में विद्यालय का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा था, लेकिन इस बार मैट्रिक परीक्षा में छात्रों ने शानदार वापसी करते हुए टॉप-10 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। विद्यालय के कई छात्रों ने राज्य स्तरीय मेधा सूची में स्थान बनाकर संस्थान की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है।
ये भी पढ़ें: बिहार बोर्ड के 10वीं में लड़कियों ने गाड़ा जीत का झंडा, लड़कों पर पड़ी भारी
12वीं में नहीं निकला कोई टॉपर
हालांकि, यह भी उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष आयोजित इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में सिमुलतला आवासीय विद्यालय का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और कोई भी छात्र टॉपर्स सूची में स्थान नहीं बना पाया था। इसके बावजूद, मैट्रिक परीक्षा के उत्कृष्ट परिणाम ने विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दी है। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को दिया है।