बिहार में नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराने और एक किशोरी से दुष्कर्म किए जाने के चर्चित मामले में नया खुलासा हुआ है। भोजपुर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया। महिला ने अपने संबंध एक विधायक से होने का दावा किया है। इस खुलासे के बाद से खलबली मच गई है।
महिला ने कहा है कि विधायक से उसके गहर संबंध हैं और वो उसके पास जाती थी। इससे पहले पीड़ित लड़की ने भी एक राजद विधायक का जिक्र किया था लेकिन उसने नाम नहीं लिया था। अब इस खुलासे के बाद पुलिस की टीम की नजर उस विधायक पर है।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम पीड़ित किशोरी को पटना ले जाकर विधायक के फ्लैट का भौतिक सत्यापन कराएगी। इस संबंध में पूछे जाने पर एसपी ने कहा कि मामला अभी अनुसंधान के अंतर्गत है। जांच में अगर कोई दोषी पाया जाता है तो निश्चित रूप से हर हाल में उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, कोर्ट में बयान से पहले पुलिस ने पीड़ित किशोरी का 161 के तहत स्वीकारोक्ति बयान लिया। पुलिस को दिए गए बयान में किशोरी ने पटना सचिवालय स्थित एक फ्लैट का नंबर बताया है जो एक विधायक का बताया जा रहा है।
लेकिन, कोर्ट के समक्ष दिए गए 164 के बयान में विधायक का नाम नहीं बताए जाने से पुलिस ने अब भौतिक सत्यापन कराए जाने का निर्णय लिया है। पुलिस यह पता करने का प्रयास करेगी कि संबंधित फ्लैट किसके नाम पर है और उसमें कौन-कौन रहता है।