बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोट शुक्रवार को डाले जाएंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
दूसरे चरण में छह जिलों (कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद और गया) की 32 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इन सीटों पर 32 महिलाओं समेत कुल 456 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यह नक्सल प्रभावित इलाका माना जाता है। छह जिलों के 32 विधानसभा क्षेत्रों में से 23 विधानसभा क्षेत्रों को नक्सल प्रभावित घोषित किया गया है।
नक्सल हिंसा को लेकर अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में गया की 10, औरंगाबाद की चार, रोहतास की चार, अरवल की दो और जहानाबाद की तीन सीटें शामिल हैं। सुरक्षा बल के जवानों के लिए इस इलाके में चुनाव कराना किसी चुनौती से कम नहीं है। इन इलाकों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस, कोबरा टीम और सीआरपीएफ की टीमें कमर कस चुकी हैं। ये टीमें संयुक्त टीम खोजी अभियान चला रही हैं।
अब तक तीन बम बरामद हो चुके हैं। बमों के मिलने का सिलसिला जारी है। दूसरे चरण के लिए मतदान से ठीक पहले गया में रौशनगंज थाना क्षेत्र के शेरघाटी इमामगंज स्टेट हाईवे के पास से सिलेंडर बम बरामद हुआ है।
डुमरिया के मध्य विद्यालय केवलाकला परिसर से 25 किलो का आईडी बम बरामद हुआ। यहां पर शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए मतदान केंद्र भी बनाया गया है। इधर, परैया में भी एक सिलेंडर बम मिला है।