बेहतर भविष्य का सपना लेकर दिल्ली गए गोपालगंज के एक युवक की लिफ्ट हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान विजयीपुर थाना क्षेत्र के पटखौली गांव निवासी विजय वर्मा के दूसरे पुत्र संजय कुमार वर्मा (25) के रूप में हुई है। संजय की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ ही महीनों बाद शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है।
परिजनों के अनुसार, संजय दिल्ली में अपने बड़े भाई के साथ रहकर लिफ्ट लगाने और उसके रखरखाव से जुड़े काम में मजदूरी करता था। रोज की तरह वह काम में जुटा था। इसी दौरान अचानक लिफ्ट से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि संजय की मौके पर ही मौत हो गई।
पढ़ें: मिट्टी खोदते समय भरभराकर धंस गया टीला, तीन मासूम बच्चियों की मौत से गांव में मातम
इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को एक झटके में मातम में बदल दिया। परिजनों ने बताया कि संजय की शादी अप्रैल 2027 में तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार के सभी सदस्य इस शुभ अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। संजय को हादसे के अगले ही दिन गांव लौटना था। इसके लिए उसका ट्रेन टिकट भी बुक हो चुका था। माता-पिता और रिश्तेदार उसके घर आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अब वह कभी वापस नहीं लौटेगा।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता विजय वर्मा और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने के सपने देखे जा रहे थे, उसकी अर्थी उठने की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मृतक के घर पर जुट गई। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। संजय की असमय मौत से पूरे पटखौली गांव में मातम पसरा हुआ है।