नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई
- फोटो : Amar Ujala
सारण जिले से दहेज प्रथा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी की पहली सालगिरह जिस दिन खुशियों का कारण बननी थी, उसी दिन एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
एक साल पहले हुई थी शादी
मृतका सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी गांव निवासी रामेश्वर यादव की पुत्री थी। उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले बनियापुर थाना क्षेत्र के चतुर्भुज छपरा गांव निवासी मदन यादव के पुत्र नीरज कुमार यादव के साथ धूमधाम से हुई थी।
दहेज में अपाची बाइक की थी मांग
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में अपाची मोटरसाइकिल की मांग करने लगा था। लड़की के परिवार ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहकर कुछ समय की मोहलत मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद नवविवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। परिजनों ने बताया कि 08 मई को विवाहिता की शादी की पहली सालगिरह थी। घर वाले खुशियों की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उसी दिन बेटी की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: पटना आईआईटी कैंपस में तेलंगाना के छात्र का शव मिलने से हड़कंप, मौत के कारणों का पता लगा रही पुलिस
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप अपनी बेटी के शव से लिपटकर बिलखते रहे। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल सारण पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।